शामली। कांधला थानाक्षेत्र के गांव सल्फा के जंगल में पांच दिन पहले पिता-पुत्र की हत्या के मामले में पुलिस द्वारा सिपाही विक्रांत व उसके भाई अर्जुन से जो दो अवैध पिस्टलें बरामद की गई हैं उनमें एक पिस्टल पर पर मेड इन यूएसए और ऑनली फॉर आर्मी सप्लाई लिखा है। दूसरी पिस्टल पर मेड इन जापान अंकित है। हालांकि पुलिस का दावा है कि दोनों पिस्टल पर विदेशी नाम भले ह लिखे हैं, लेकिन दोनों देसी है।
पांच दिन पहले बुधवार की शाम को कंकरखेड़ा क्षेत्र की न्यू सैनिक कालोनी निवासी भूपेंद्र और उनके बेटे अर्जुन के शव गांव सल्फा के जंगल में पड़े मिले थे। उनकी गोली मारकर हत्या की गई थी। पुलिस ने पिता-पुत्र की हत्या के मामले में पुलिस ने सिपाही विक्रांत, उसके भाई अर्जुन, पिता विरेंद्र और साथी मोनू को गिरफ्तार कर चालान कर दिया गया है। पुलिस ने विक्रांत और अर्जुन से हत्या में इस्तेमाल की गई 32 बोर की एक-एक पिस्टल और दो-दो कारतूस बरामद होना बताया है। पुलिस के मुताबिक विक्रांत से सर्विस पिस्टल भी बरामद हुई, लेकिन उसका हत्या में इस्तेमाल नहीं किया गया। पुलिस ने सर्विस पिस्टल को मालखाने में अलग से जमा किया है। सिपाही से जो अवैैध पिस्टल बरामद हुई है, उसकी नाल पर दायीं तरफ मेड इन यूएसए और नाल के ऊपरी हिस्से पर ऑनली फॉर आर्मी सप्लाई अंकित है। अर्जुन से बरामद अवैध पिस्टल की नाल के ऊपरी हिस्से पर मेड इन जापान लिखा है। दोनों आरोपियों से पिस्टल के साथ बरामद दो-दो कारतूस की पैंदी पर अंग्रेजी में केएफ 7.65 अंकित है। एसएसपी सुकीर्ति माधव का कहना है कि आरोपियों से बरामद दोनों पिस्टलों पर विदेशी नाम अंकित मिले हैं, लेकिन दोनों पिस्टल देसी है।
पिस्टलों को कैराना से खरीदी जाना बताया, जांच शुरू
एसएसपी सुकीर्ति माधव का कहना है कि हत्यारोपी सिपाही विक्रांत व उसके भाई अर्जुन से बरामद हुई अवैध पिस्टलों के बारे में पूछताछ की तो उन्होंने कैराना से खरीदा जाना बताया है। उन्होंने दो-तीन लोगों के नाम बताए हैं, जिनकी जांच की जा रही है। जांच के बाद ही सही पता चल सकेगा कि पिस्टलें कैराना से खरीदी गई या फिर कहीं और से लाई गई थी।