अवैध कब्जे के चलते नाला निर्माण लटका
शामली, कांधला। थाना क्षेत्र के गांव डांगरौल में रास्ते पर अतिक्रमण की वजह से पानी निकासी के लिए नाला निर्माण नहीं हो पा रहा है। इससे ग्रामीणों में रोष व्याप्त है। ग्रामीणों ने मामले की शिकायत डीएम से करके कार्रवाई की मांग की गई है।
गांव डांगरौल में एक सेक्टर पर कुछ लोगों ने कब्जा कर रखा है। ग्रामीण ओमपाल, प्रदीप, सतवीर, अनुज,देवेंद्र, दीपक, चंद्रपाल, सोनू आदि का कहना है कि गांव के पानी की निकासी के लिए इस मार्ग पर नाला निर्माण किया जाना था। लेकिन अवैध कब्जे के कारण नाले का निर्माण नहीं हो पाया। ग्रामीणों के अनुसार बरसात के पानी के साथ ही गांव का पानी इस रास्ते से कृष्णा नदी में गिरता है। लेकिन इस मार्ग पर नाला निर्माण न होने के कारण जलभराव की स्थिति बनी रहती है। ग्रामीणों की शिकायत पर भी पुलिस कार्रवाई नहीं कर रही है। मामले में ग्राम प्रधान नीतू कुमार ने ग्रामीणों के साथ एसडीएम कार्यालय पहुंच कर कार्रवाई की मांग की है। एसडीएम ने मामले में राजस्व विभाग की टीम को जांच कर कार्रवाई किए जाने के आदेश दिए हैं।