जिले के 181 विद्यालयों में नेशनल अचीवमेंट सर्वे आज
शामली। शिक्षा मंत्रालय भारत सरकार द्वारा स्कूल कालेजों में बच्चों का शैक्षिक स्तर जांचने के लिए शुक्रवार को 181 विद्यालयों में नेशनल अचीवमेंट सर्वे (एनएएस) किया जाएगा। इसमें बच्चों को ओएमआर शीट पर सवालों के जवाब देने होंगे।
शिक्षा मंत्रालय द्वारा सीबीएसई, आईसीएससी और यूपी बोर्ड के कालेजों में शैक्षिक स्तर और गुणवत्ता जांचने के लिए शुक्रवार को नेशनल अचीवमेंट सर्वे कराया जाएगा। जनपद में सिल्वर बेल्स पब्लिक स्कूल शामली के प्रधानाचार्य डॉ. अरुण कुमार गोयल को जिला संयोजक नियुक्त किया गया है, जबकि डायट मुजफ्फरनगर की सरोज तोमर को जिला नोडल अधिकारी बनाया गया। डॉ. गोयल ने बताया कि सुबह साढ़े आठ बजे से दोपहर दो बजे तक कई चरणों में जनपद के सभी बोर्ड के 181 स्कूल कालेजों में नेशनल अचीवमेंट सर्वे होगा। इसमें कक्षा तीन, पांच, आठ व 10 के विद्यार्थी शामिल होंगे।
उन्होंने बताया कि यह परीक्षा नहीं है और न ही इसका कोई रिजल्ट घोषित होगा। यह शैक्षिक स्तर और गुणवत्ता जांचने के लिए भारत सरकार द्वारा पूरे देश में सर्वे कराया जा रहा है। इसमें ओएमआर सीट पर शिक्षा से जुड़े सवालों के जवाब देने हैं। इसके बाद जिला और प्रदेश स्तर पर रैंकिंग जारी की जाएगी। उन्होंने बताया इस सर्वे में प्रधानाचार्य व शिक्षक भी शामिल होंगे। सर्वे के लिए जिले में सीबीएसई की तरफ से 209 ऑब्जर्वर और डायट की तरफ से 240 फील्ड इन्वेस्टीगेटर नियुक्त किए गए हैं। प्रत्येक विद्यालय में एक ऑब्जर्वर और एक फील्ड इन्वेस्टीगेटर की देखरेख में सर्वे कार्य संपन्न होगा।