कैराना सरकारी अस्पताल में डाक्टर के इंतजार में ई रिक्शा में बैठा मरीज बिरजो
- फोटो : SHAMLI
इमरजेंसी वार्ड से डॉक्टर नदारद, मरीज परेशान
शामली, कैराना। सरकारी अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाएं बदहाल हो रही हैं। पूर्व में कई बार अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण कर व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए थे, लेकिन व्यवस्थाओं में सुधार नहीं हुआ। सोमवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर इमरजेंसी वार्ड में डॉक्टर नहीं मिलने के कारण मरीजों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
सोमवार को सार्वजनिक अवकाश घोषित होने के बाद सभी सरकारी कार्यालय बंद रहे। कैराना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर इमरजेंसी वार्ड में डॉक्टर नदारद रहे। चिकित्सा अधीक्षक डॉ. भानु प्रकाश भी अपने केबिन में नहीं मिले। केबिन पर भी ताला लटका मिला। जिस कारण मरीज अस्पताल के बाहर तथा जमीन पर बैठे रहे।
मरीज बिरजो सिंह ने बताया कि वह करीब 15 मिनट से अस्पताल के बाहर ई-रिक्शा में बैठा हैं। उसके घुटनों में दर्द हैं तथा बुखार खांसी की शिकायत हैं। वह अपना इलाज कराने सीएचसी पर आया, लेकिन यहां पर कोई डॉक्टर मौजूद नहीं मिला। रुखसाना ने बताया कि उसको आंखों में शिकायत है, लेकिन इमरजेंसी वार्ड में डॉक्टर न होने के कारण उसका इलाज नहीं किया गया। गांव पांवटी कला से पहुंचे मरीज शब्बीर ने बताया कि वह एक घंटे से अस्पताल के बाहर डॉक्टर की इंतजार में बैठा हैं। पूर्वाह्न 11 बजे तक भी डॉक्टर इमरजेंसी वार्ड में नहीं पहुंचे। मामले में चिकित्सा अधीक्षक डॉ. भानु प्रकाश का कहना हैं कि छुट्टी वाले दिन इमरजेंसी में डॉक्टर ऑन कॉल होते हैं। जहां पर मरीजों द्वारा सीएचसी पर मौजूद कर्मचारी को कहने के बाद कर्मचारी द्वारा ही फोन कर डॉक्टर को बुलाया जाता हैं।
कैराना सरकारी अस्पताल में इमरजेंसी के बाहर डाक्टर के इंतजार में खडे़ मरीज- फोटो : SHAMLI