डीएम ने पालिका चेयरपर्सन के विरुद्ध कार्रवाई की संस्तुति की
शामली। डीएम जसजीत कौर ने नगरपालिका शामली की 22 दुकानों का बिना नीलामी के किया गया आवंटन निरस्त करते हुए लिपिक को निलंबित करने के आदेश दिए हैं। इसके साथ ही डीएम ने पालिका की चेयरपर्सन अंजना बंसल द्वारा अपने अधिकारियों का दुरुपयोग करने पर उनके विरुद्ध कार्रवाई करने की संस्तुति करते हुए शासन को रिपोर्ट भेजी है।
नगरपालिका के वार्ड सभासद अनिल उपाध्याय, राजीव गोयल, पंकज गुप्ता और सभासद के पति निशिकांत संगल ने करीब एक माह पहले पालिका की भैंसवाल रोड पर नई मंडी के सामने प्रथम तल की 22 दुकानों का आवंटन बिना नीलामी के करने का आरोप लगाते हुए अधिकारियों को शिकायत की थी। सभासदों ने भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह, नगर विकास मंत्री व नगर विकास राज्यमंत्री से भी प्रकरण की शिकायत की थी। सभासदों ने आरोप लगाया था कि पालिका के लिपिक व कुछ सभासदों ने मिलीभगत कर औने पौने दाम पर दुकान आवंटन की रसीद काटी गई।
आवंटन की रसीद काटने वाले लिपिक लक्ष्मण सिंह ने खुद अपनी पत्नी के नाम से दो दुकानें आवंटित कर ली। कुछ सभासदों ने अपने परिचितों के नाम आवंटित करा ली है। डीएम जसजीत कौर ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए इस प्रकरण की जांच एसडीएम कैराना उदभव त्रिपाठी को सौंपी थी। शनिवार को डीएम जसजीत कौर ने बताया कि इस प्रकरण में एसडीएम कैराना द्वारा की गई जांच में दुकानों का आवंटन नियम विरुद्ध किया जाना पाया गया है। इसके चलते सभी 22 दुकानों के आवंटन को निरस्त कर दिया गया है। इस मामले में पालिका के लिपिक लक्ष्मण सिंह को निलंबित करने के आदेश दिए गए हैं। इसके साथ ही पालिका चेयरपर्सन अंजना बंसल द्वारा अपने अधिकारों का दुरुपयोग करने के कारण उनके विरुद्ध कार्यवाही करने की संस्तुति करते हुए शासन को रिपोर्ट भेजी गई है।