तेजी से पूरे किए जाएं विकास कार्य: सुरेश राणा
शामली। कैबिनेट मंत्री सुरेश राणा ने जिले में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने पिछली बैठक में दिए गए निर्देशों पर की गई कार्रवाई की जानकारी ली और संबंधित कार्यदायी संस्थाओं को मिशन मोड में कार्य करने की हिदायत दी। उन्होंने कहा कि एनएचएआई के संचालित व नए प्रोजेक्ट में आ रही समस्याओं का समाधान जल्द किया जाए। सभी निर्माण कार्य मानक के अनुसार गुणवत्तापरक तरीके से पूरे किए जाएं।
मंगलवार को कलक्ट्रेट के सभागार में समीक्षा बैठक में उन्होंने कहा कि विधानसभा के अंतर्गत जितने भी शिक्षण संस्थाओं का निर्माण किया जा रहा है, उनको गति देते हुए पूरा करें। ऊर्जा निगम से संबंधित समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाए। मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुसार किसान का कितना भी बिल हो, उनका ट्यूबवेल का कनेक्शन न काटा जाए। ऊर्जा निगम के जेई, गांव के पटवारी व लेखपाल अपने क्षेत्र में रहते हैं या नहीं, इसकी क्रॉस चेकिंग कराई जाए। सड़कें बनाते समय मानक का विशेष रूप से ध्यान रखा जाए।
कैबिनेट मंत्री ने गंदेवड़ा संगम पर सभी व्यवस्था दुरुस्त करते हुए वहां पर नियमित सफाईकर्मी तैनात करने के भी निर्देश पिछली बैठक में दिए थे। डीपीआरओ ने बताया कि सफाईकर्मी की तैनाती कर दी गई है। कैबिनेट मंत्री ने जल निगम की परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए कहा कि जिस गांव में टंकी लगी है, उस गांव में पानी के पाइपों की फिटिंग के दौरान टूटी सड़कों को ठीक कराया जाए। उन्होंने नगरीय क्षेत्रों में कराए जा रहे निर्माण कार्यों का डीएम के साथ एक माह बाद निरीक्षण करने की बात भी कही। सर्वश्रेष्ठ कार्य करने वाली नगर पंचायतों को सम्मानित करने की घोषणा भी की।
थानाभवन सीएचसी पर ऑक्सीजन प्लांट निर्माण पूरा
बैठक में सीएमओ डॉ. संजय अग्रवाल ने बताया कि थानाभवन सीएचसी पर ऑक्सीजन प्लांट का निर्माण कार्य पूर्ण हो गया है, जिसका उद्घाटन कराया जाएगा। साथ ही कोविड-19 वैक्सीनेशन प्रभावी रूप से किया जा रहा है। कैबिनेट मंत्री ने जिला पंचायत राज अधिकारी को ग्राम पंचायतों में पंचायत सहायकों की नियुक्ति पारदर्शिता के साथ करने, चीनी मिलों को आगामी पेराई सत्र से पहले किसानों का शत-प्रतिशत भुगतान करने के निर्देश दिए। कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी के लाभार्थियों को नगर पंचायतवार समारोह आयोजित कर चाबी वितरण किया जाए। बैठक में डीएम जसजीत कौर, एडीएम अरविंद कुमार सिंह, डीडीओ प्रमोद कुमार, सभी एसडीएम, संबंधित विभाग के अधिकारी व कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।