शामली। जिले में डेंगू का प्रकोप नहीं थम पा रहा है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा कराई गई एलाइजा जांच में 39 और मरीजों में डेंगू होने की पुष्टि हुई है। जनपद से भेजे गए 55 सैंपलों की अभी रिपोर्ट नहीं आई है।
जिला बनने के बाद से शामली में इस साल रिकार्ड डेंगू के केस मिल रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग द्वारा एलाइजा जांच के लिए भेजे गए मरीजों के सैंपलों में 39 मरीजों में और डेंगू की पुष्टि हुई है। इन्हें मिलाकर जिले में डेंगू के मरीजों का आंकड़ा 198 तक पहुंच गया है, जो अब तक का रिकार्ड है। इसके साथ ही डेंगू से कई लोगों की मौत होना सामने आया है, लेकिन स्वास्थ्य विभाग में रिकार्ड में अब तक जिले में डेंगू से कोई मौत दर्ज नहीं है। डेंगू के लगातार केस मिलने से स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मचा हुआ है।
इसके अलावा स्वास्थ्य विभाग द्वारा 55 सैंपल एलाइजा जांच के लिए मुजफ्फरनगर भेजे गए हैं, जिनकी अभी तक रिपोर्ट नहीं आई है। जिले में डेंगू के रिकार्ड मरीजों के लगातार मिलने से स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मचा हुआ है। जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. विनय कुमार ने बताया कि एलाइजा जांच की रिपोर्ट में 39 और मरीजों में डेंगू की पुष्टि हुई है। अब जिले में डेंगू के मरीजों की संख्या 159 से बढ़कर 198 हो गई है।