शामली के कैराना के गांव अकबरपुर सुन्हेटी में शुक्रवार शाम चार बदमाशों ने घर में घुसकर महिला की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात के बाद बदमाश फरार हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। देर रात तक पुलिस शव का पंचायतनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी कर रही थी।
गांव अकबरपुर सुन्हेटी निवासी शौकीन का मकान गांव के किनारे है। शुक्रवार शाम करीब सात बजे शौकीन की पत्नी समीना (28) घर में खाना बना रही थी। शौकीन व बसेड़ा निवासी एक रिश्तेदार भी घर पर ही मौजूद था। इसी दौरान बाइक सवार चार बदमाश वहां पहुंचे तथा शौकीन के घर में घुसकर फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान शौकीन की पत्नी समीना ने बदमाशों को देखकर घर का गेट बंद करने लगी। इस बदमाशों की ओर से चलाई गई गोली समीना के सीने में गोली लग गई। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। समीना की मौत के बाद हत्यारे अपनी बाइक लेकर फरार हो गए। फायरिंग की आवाज सुनकर मौके पर ग्रामीण एकत्र हो गए। वहीं, सूचना पर सीओ कैराना राजेश तिवारी और कोतवाली प्रभारी धर्मेंद्र सिंह पंवार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए और परिजनों से घटना की जानकारी ली। समाचार लिखे जाने तक पुलिस मौके पर मौजूद थी तथा शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया जा रहा था। कोतवाली प्रभारी धर्मेंद्र सिंह पंवार ने बताया कि तहरीर आने पर मुकदमा दर्ज करके कार्रवाई की जाएगी। अभी हमले की वजह स्पष्ट नहीं हुई है।
दो पक्षों में चले लाठी-डंड़े
कैराना। शुक्रवार शाम गांव पावटी कला में बच्चों के विवाद पर रवि व बबलू पक्ष के बीच जमकर लाठी डंडे व धारदार हथियार चले। इसमें एक पक्ष के रवि, अनुज व उनकी मां तथा दूसरे पक्ष के बबलू व नीटू घायल हो गये। बाद में दोनों पक्षो ने कोतवाली पहुंचकर मामले की तहरीर दी।
हादसे में बाइक सवार घायल
कैराना। थाना कांधला क्षेत्र के गांव डुंडूखेड़ा निवासी सतपाल किसी काम से कैराना आया हुआ था। बताया जाता है कि शुक्रवार की रात वह अपने गांव लौट रहा था। जब यह बुच्चाखेड़ी के पास पहुंचा. तो सामने से आ रही बाइक चालक ने टक्कर मार दी। हादसे में सतपाल गंभीर रूप घायल हो गया। घायल राहगीरों की मदद से अस्पताल भिजवाया गया। जहां से गंभीर हालत के चलते उसको रेफर कर दिया गया।