बालू भरने गए दो ट्रैक्टर ट्रॉली समेत पलटे
लहरपुर। नहर पटरी पर लगी बालू को भरने गए दो ट्रैक्टर पुलिस व प्रशासन की टीम के आने का शोर सुनते ही इतना तेज भागे कि इनमें एक ट्रॉली समेत नहर में पलट गया जबकि दूसरा नहर पटरी पर ही पलट गया। इससे कोई हताहत नहीं हुआ। हादसे के वक्त दोनों के चालकों ने कूदकर अपनी जान बचा ली।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम अकबरपुर के निकट शारदा सहायक नहर पटरी पर बालू का ढेर लगा हुआ था। बताया जाता है कि यह रेत शारदा सहायक नहर से निकाल कर पटरी पर डाली गई थी।
इसी बालू को भरने के लिए वहां पर दो ट्रैक्टर पहुंचे थे। इसी बीच किसी ने शोर मचा दिया कि पुलिस व प्रशासन की टीम आ रही है।
यह सुनते ही वहां मौजूद दोनों ट्रैक्टर चालक भागने की जल्दबाजी में वाहनों को नहर पटरी पर ही दौड़ाने लगे। आपाधापी की वजह से चालकों ने वाहनों पर अपना नियंत्रण खो दिया।
नतीजतन एक ट्रैक्टर ट्रॉली समेत शारदा सहायक नहर में पलट गया जबकि दूसरा ट्रैक्टर ट्रॉली समेत नहर पटरी पर ही पलट गया।
हादसे के वक्त दोनों वाहनों के चालकों ने कूदकर अपनी जान बचा ली। पुलिस इस पूरे मामले में अनभिज्ञता जता रही है। नहर पटरी पर पड़े वाहन को उसका स्वामी सीधा करके ले गया जबकि नहर में पड़े वाहन को समाचार लिखे जाने तक नहीं निकाला जा सका था।