चौसाना। नाई नंगला नवीन में बृहस्पतिवार को हुए बवाल में पुलिस ने 22 लोगों पर आगजनी , फायरिंग और जानलेवा हमले का मुकदमा कायम किया है। दो नामजद आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार करने के बाद कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया। पीड़ित परिवारों में दहशत का माहौल बना है।
आठ माह पूर्व नाई नंगला नवीन में शहजाद पुत्र शकूर पर शौकीन, जुल्फकार, तैमुर और आरिफ ने जानलेवा हमला कर दिया था। इस प्रकरण में पुलिस ने तैमूर को जेल भेज दिया था जबकि बाकी तीन फरार थे। उसी मामले में फैसला करने को लेकर दबाव बनाया जा रहा था। बृहस्पतिवार को इसी रंजिश में दो दर्जन लोगों ने दूसरे पक्ष पर हमला बोल दिया था। इसमें शहजाद, सनव्वर, मेहरूनिशां, सलमान, इमराना, वकार, साबरी और ममरेज गोली लगने से घायल हो गए थे।
इस मामले में देर रात शकूर की तरफ से शौकीन, जुल्फकार, अफजान, मोबिन, इंतजार, मुकर्ररम, मौहर्ररम, आरिफ, कादिर, नादिर, रागिब, लश्कर, जमशेद, मंगता, इसरार, इश्तकार, मुकिम, महताब, वसीम, नौशाद, शमशाद, सनव्वर और तहसीम निवासी नाई नंगला नवीन के खिलाफ जानलेवा हमला आगजनी समेत कई संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया।
देर रात दबिश देकर पुलिस ने नामजद आरोपी जमशेद और लश्कर को गांव से ही गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों को शुक्रवार को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।