शामली। पंजाब के अमृतसर में लाखों रुपये के जेवरात चोरी करने के मामले में पंजाब पुलिस टीम शामली पहुंची। पुलिस अपने साथ एक आरोपी को भी लेकर आई, जो आदर्श मंडी थाना क्षेत्र के गांव टिटौली का रहने वाला है। हालांकि जेवरात बरामद नहीं होने पर पुलिस टीम बैरंग लौट गई।
शनिवार को पंजाब के अमृतसर जनपद की पुलिस गांव टिटौली निवासी अमित को साथ लेकर शामली कोतवाली पहुंची। पुलिस टीम ने बताया कि अमृतसर में डेढ़ साल पूर्व कई घरों में चोरी हुई, जिसमें दस लाख रुपये से ज्यादा के जेवरात चोरी किए गए थे। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी अमित निवासी टिटौली की पहचान हुई।
कुछ समय पूर्व आरोपी अमित को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया था, लेकिन जेवरात की बरामदगी नहीं हो पाई थी। फिर पुलिस ने न्यायालय से अनुमति मिलने पर आरोपी अमित को कस्टडी रिमांड पर लिया। पूछताछ करने के दौरान अमित ने पुलिस को बताया कि उसने जेवरात शामली के एक सराफ के यहां बेचे थे। साथ ही उसने अपने एक साथी का नाम भी पुलिस को बताया, जो टिटौली गांव का ही रहने वाला है।
इसी के चलते पंजाब पुलिस टीम शामली पहुंची और कोतवाली पुलिस की मदद से सराफ के यहां दबिश दी गई। मगर, वह अपनी दुकान पर नहीं मिला। शामली कोतवाली पुलिस का कहना है कि सराफ कहीं शादी में गया हुआ है। इसके बाद पुलिस लौट गई।