शहर कोतवाली क्षेत्र में हुए बीमार महिला से गैंगरेप के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। जिनसे पूछताछ की जा रही है। उधर, कोर्ट से एक महिला समेत समेत चार आरोपियों के गैर जमानती वारंट जारी होने पर पुलिस उनकी तलाश में लगी है।
शहर कोतवाली के मोहल्ले की विवाहिता के साथ 11 नवंबर को गैंगरेप किया गया था। डॉक्टर के यहां दिखाने के नाम पर उसे कार में डाल कर एक स्थान पर ले जाकर कुछ लोगों ने गैंगरेप किया था। आरोपी अगले रोज उसे अचेत अवस्था में मकान के बाहर डाल कर फरार हो गए थे। इसके बाद एक सपा महिला नेता के पुत्र ने रिवाल्वर से डरा धमका कर पीड़ित परिवार को चुप रहने और कार्रवाई न करने की धमकी दी थी। मामले को लेकर लोगों ने हंगामा किया, तब पुलिस ने गैंगरेप का मुकदमा दर्ज किया था। पुलिस एक महिला और तीन आरोपियों को जेल भेज चुकी है।
उधर, शहर कोतवाली के एसएसआई समयपाल सिंह अत्री ने बताया कि पुलिस ने मुख्य आरोपी सुनील उर्फ उल्लू और नामजद उसके साथी गुड्डू बिहारी को गिरफ्तार कर लिया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है। इसके अलावा कोर्ट ने आरोपी महिला नीतू के अलावा नितिन पुत्र सुरेंद्र, सन्नी और हरिद्वार निवासी प्रवेंद्र के खिलाफ गैर मानती वारंट जारी किए है। पुलिस उनकी तलाश में जुटी हुई है।