शामली के कांधला में फैक्ट्री से काम खत्म कर गांव लौट रहे युवक को हथियारबंद तीन बदमाशों ने अगवा कर लिया। युवक के मोबाइल से ही परिजनों को कॉल करके घर से नकदी तथा जेवर लाने को कहा गया। भाई ने सोने की दो अंगूठी और दो जोड़े कुंडल ले जाकर बदमाशों को दे दिए। इसके बाद युवक को छोड़ दिया। पुलिस ने बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
कांधला थाना क्षेत्र के गांव मीमला निवासी अमित कैराना रोड पर कंडेला औद्योगिक क्षेत्र स्थित रिम धुरा की फैक्ट्री में बतौर लिपिक नौकरी करता है। बृहस्पतिवार रात करीब नौ बजे वह फैक्ट्री से अपने गांव लौट रहा था। रास्ते में तीन बदमाशों ने उसको अगवा कर लिया। इसके बाद उसी के मोबाइल फोन से पिता को कॉल कराई गई और कहा कि उसका अपहरण हो गया है। घर में नकदी और जेवर जो भी हैं, उन्हें लेकर आ जाओ। अमित के भाई रवि ने बताया कि इसके बाद वह अपने घर से सोने की दो अंगूठी और दो जोड़े कुंडल लेकर बाइक से बदमाशों के पास जा रहा था। रास्ते में फिर से मोबाइल पर कॉल आई और कहा गया कि सामान लेकर ब्रह्मखेड़ा रेलवे अंडरपास के नीचे पहुंच जाओ। वह रेलवे अंडरपास पर पहुंचा तो दो बदमाशों ने उससे गहने ले लिए और कहा कि तेरा भाई गन्ने के खेत में पेड़ से बंधा है। इसके बाद बदमाश फरार हो गए। उसने ने अपने भाई को मुक्त कराया और घर ले गया। घर लौटने पर घटना की सूचना पुलिस को दी गई। इसके बाद कांधला थाना के साथ ही कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और बदमाशों को तलाश किया गया, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। शुक्रवार को अमित ने अपने भाई रवि तथा अन्य परिजनों के साथ कांधला थाने पहुंचकर तहरीर दी। थाना प्रभारी अनिल कुमार सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है, पुलिस टीम जांच करने में लगी है।
थाने पहुंचकर एसपी ने ली जानकारी
युवक के अपहरण और जेवर लेकर छोड़ने की घटना पर पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार भी कांधला थाने पहुंचे। उन्होंने पीड़ित युवक और उसके परिजनों से काफी देर तक बातचीत की। पुलिस अधीक्षकने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच कराई जा रही है। जल्दी ही खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
तहरीर में कंडेला-ऐरटी मार्ग से बताया अपहरण
अमित ने बताया कि बृहस्पतिवार रात वह खंद्रावली स्टैंड पर बस से उतरा और पैदल ही अपने गांव की तरफ जा रहा था। 200 मीटर चलने पर ही तीन बदमाशों ने घेर लिया और खेत में ले जाकर बंधक बना लिया था। वहीं, अमित के भाई रवि ने जो तहरीर दी है, उसमें ऐरटी-कंडेला मार्ग से अपहरण करने की बात लिखी गई है।
ओमपाल गैंग की तरह अंजाम दी गई वारदात
शामली। जिस तरह सहारनपुर में ओमपाल गैंग राहगीरों को अगवा करके फिरौती मांगने की वारदातें कर रहा है। वहीं, कांधला क्षेत्र में हुई वारदात भी उसी अंदाज में अंजाम दी गई। पुलिस भी गहनता से छानबीन करने में लगी है, ताकि खुलासा कर वारदात में शामिल बदमाशों को गिरफ्तार किया जा सके।
गौरतलब है कि राहगीर को बंधक बनाना और फिर परिजनों से नकदी या जेवर मंगाने का यह पहला मामला नहीं है। अगस्त 2017 में थानाभवन क्षेत्र के गांव सोंता रसूलपुर निवासी दो लकड़ी व्यापारियों को बंधक बनाकर इसी तरह बदमाशों ने करीब दो घंटे के भीतर 50 हजार रुपये की फिरौती वसूलने के बाद छोड़ दिया गया था। वहीं, बृहस्पतिवार रात कांधला क्षेत्र के गांव मीमला निवासी अमित को बदमाशों ने अगवा किया और बंधक बनाने के बाद परिजनों से सोने की दो अंगूठी तथा दो जोड़ी कुंडल लेने के बाद छोड़ दिया। इस वारदात से बदमाशों के ऐसे किसी गिरोह के सक्रिय होने की आशंका बन गई है, जैसे सहारनपुर में ओमपाल गैंग वारदातें कर रहा है।
ओमपाल गैंग सहारनपुर में एक व्यक्ति को अगवा कर फिरौती मांगने के साथ ही हत्या की वारदात भी कर चुका है। खास बात यह है कि सहारनपुर में वारदातें करने वाला ओमपाल शामली जनपद के थानाभवन क्षेत्र का रहने वाला है। उधर, एसपी दिनेश कुमार का कहना है कि कांधला क्षेत्र में हुई घटना की रिपोर्ट दर्ज कर जांच कराई जा रही है। अभी यह स्पष्ट नहीं है कि युवक को अगवा करने वाले बदमाश कौन हैं। वारदात का खुलासा करने के लिए टीम लगाई गई है। साक्ष्य जुटाकर कार्रवाई कराई जाएगी।