शामली में अवैध बूचड़खाने बंद होने के बाद मीट विक्रेताओं के यहां मीट सप्लाई को लेकर विवाद गरमा रहा है। शामली के मीट विक्रेताओं ने कैराना के सप्लायर से मीट खरीदना बंद कर दिया है। वहीं, दुकानदारों ने कहा कि कैराना का सप्लायर खराब क्वालिटी का मीट दे रहा है, जिस कारण वह मुजफ्फरनगर के सप्लायर से मीट खरीद रहे हैं।
शनिवार को शामली के मोहल्ला काजीवाड़ा के मीट विक्रेता कलक्ट्रेट पहुंचे। अपर जिलाधिकारी शिव बहादुर सिंह को ज्ञापन देकर कहा कि काफी समय से वह लोग कैराना के मीट सप्लायर तनवीर से मीट खरीदकर अपनी दुकानों पर बेच रहे थे। क्वालिटी अच्छी नहीं मिलने तथा अन्य परेशानियों के कारण उन्होंने तनवीर से मीट खरीदना बंद कर दिया। अब वह लोग मुजफ्फरनगर के रियासत फ्रेस फूड थोक विक्रेता से मीट की खरीद कर रहे हैं, जो उन्हें सहारनपुर के स्लाटर हाउस से लाकर सप्लाई दे रहा है। आरोप है कि कैराना के मीट सप्लायर तनवीर द्वारा अधिकारियों से साठगांठ करके उन्हें डराया जा रहा है कि यदि मुझसे मीट नहीं खरीदोगे, तो तुम्हारा लाइसेंस निरस्त करा दूंगा। मीट विक्रेता जमील, मेहरबान, जावेद, अनीस, अनवार, अहसान अहमद, इस्लाम, रिजवान, हाजी अनवार, निसार और अरशद आदि ने कहा कि उन्होंने मीट विक्रेता के रूप में लाइसेंस भी लिया हुआ, यदि मीट की सप्लाई नहीं मिलेगी, तो व्यापार चौपट हो जाएगा। उधर, कैराना के मीट सप्लायर तनवीर ने भी अपर जिलाधिकारी से मुलाकात कर बताया कि शामली जिले के मीट विक्रेताओं को मीट सप्लाई में मानकों का पूरा ध्यान रखा जा रहा है। अपर जिलाधिकारी शिव बहादुर सिंह ने स्पष्ट कहा कि मीट बिक्री सिर्फ लाइसेंसी स्लाटर हाउस से खरीदकर ही की जाएगी, यदि कोई दुकानदार नियमों का उल्लंघन करेगा, तो उसके खिलाफ कार्रवाई होगी।
ग्राम समाज की भूमि से अवैध कब्जा हटवाने की मांग
शामली। तहसील शामली के गांव करौंदा हाथी निवासी लोगों ने अपर जिलाधिकारी को शिकायत पत्र देकर ग्राम समाज की भूमि से अवैध कब्जा हटवाने की मांग की। आरोप है कि गांव के ही एक पक्ष ने ग्राम समाज की भूमि (कुएं) पर अपना कब्जा कर लिया है। यदि ग्रामीण विरोध करते हैं, तो वह गाली गलौज करता है और मारपीट पर उतारू हो जाता है। कुएं के पास सीसी रोड का निर्माण हो रहा है, लेकिन अवैध कब्जे के कारण निर्माण नहीं हो पा रहा है। इस मामले में जांच कराने और अवैध कब्जा हटवाने की मांग की गई है। अपर जिलाधिकारी ने शामली तहसीलदार को जांच कराने का आदेश दिया है। इस दौरान दिनेश शर्मा, विनोद कुमार, संजू शर्मा, कृष्णपाल, रविंद्र, निसार, इस्लाम, आलम, योगेंद्र आदि मौजूद रहे।