मोहल्ला काकानगर में पकड़ा गया चेन स्नेचर
- फोटो : अमर उजाला
शामली के काकानगर में बृहस्पतिवार दोपहर बाइक सवार दो बदमाशों ने घर के बाहर बैठी महिला से गले से सोने की चेन और कुंडल खींच लिए। हिम्मत दिखाते हुए महिला बदमाशों से भिड़ गई और शोर मचा दिया। इस दौरान एक बदमाश तो फरार हो गया, जबकि दूसरे को मोहल्ले के लोगों ने पकड़कर बुरी तरह पीटा और पुलिस को सौंप दिया।
काकानगर निवासी शोभा शर्मा अपने घर के बाहर धूप में बैठकर काम कर रही थी। उसी दौरान बाइक पर दो बदमाश वहां पहुंचे। महिला से रास्ता पूछने के बहाने दोनों महिला के नजदीक तक पहुंच गए और उसके गले से सोने की चेन और कानों से कुंडल झपट लिए। बदमाशों ने भागने का प्रयास किया तो महिला शोर मचाते हुए उनसे भिड़ गई और एक बदमाश को वहीं दबोच लिया। शोरशराबा होने पर मोहल्ले के लोग एकत्र हो गए।
भीड़ को आता देख एक बदमाश बाइक लेकर फरार हो गया, जबकि दूसरे को मोहल्ले के लोगों ने पकड़कर बुरी तरह से पीटा। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और बदमाश को हिरासत में ले लिया। उधर, कार्यवाहक कोतवाली प्रभारी केपी सिंह का कहना है कि तहरीर मिलने पर उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाएगा।