शामली क्षेत्र के गांव लिलौन में महिला चिकित्सक के घर पर छापामारी की कार्रवाई करती स्वास्थ्य विभाग की टीम।
- फोटो : अमर उजाला
शामली में सरकारी अस्पताल की स्टाफ नर्स के मकान में भ्रूण लिंग परीक्षण कराकर लौट रही चार महिलाओं को हरियाणा की जींद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने पकड़ लिया। इसके बाद स्थानीय पुलिस तथा स्वास्थ्य विभाग की मदद से टीम ने संबंधित मकान में छापा मारा, लेकिन वहां कुछ नहीं मिला। देर शाम तक पुलिस सभी आरोपियों से पूछताछ कर रही है।
शुक्रवार को हरियाणा की चार महिलाएं भ्रूण लिंग परीक्षण कराने के लिए शामली में पहुंची। यहां पर उन्होंने लिलौन में स्थित सरकारी अस्पताल में तैनात नर्स के मकान में भ्रूण लिंग परीक्षण कराया। चार बजे के करीब वह वहां से निकलकर घर जा रही थीं। इसी दौरान हरियाणा से ही उनका पीछा कर रही जिला जींद के स्वास्थ्य विभाग की टीम ने चारों महिलाओं, एक मीडिएटर तथा एक नर्सिंग होम में तैनात डाक्टर को पकड़ लिया। उसके बाद ने स्वास्थ्य विभाग शामली को सूचना दी। सूचना पर एसीएमओ डा. सफल कुमार पहुंचे और सभी से पूछताछ की। उसके बाद टीम ने दोबारा लिलौन में छापा मारा, लेकिन वहां पर टीम को कुछ नहीं मिला।
हरियाणा स्वास्थ्य विभाग के डिप्टी सीएमओ डा. सुलेख ने कहा कि चारों महिलाओं ने भ्रूण लिंग परीक्षण कराया है, जिनके खिलाफ कार्रवाई कराई जा रही है। इसके अलावा डॉ. सफल कुमार ने कहा कि बहुत गंभीर अपराध है किसी भी सूरत में किसी को बख्शा नहीं जाएगा और सभी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इस संबंध में मुकदमा दर्ज कराने की तैयारी की जा रही है।