शामली। गांव काबड़ौत निवासी सुनीता ने डीएम से शिकायत कर बैंक शाखा प्रबंधक पर धोखाधड़ी करने का आरोप लगाया है। आरोप है कि गन्ना मूल्य भुगतान के लिए आई उसकी रकम को किसी दूसरे के खाते में डाल दिया गया।
सुनीता ने बताया कि काबड़ौत स्थित बैंक शाखा में उसका खाता है। गत छह जून को शुगर मिल की तरफ से किसानों का बकाया गन्ना मूल्य का भुगतान भिजवाया गया। उसके खाते में भी 19,818 रुपये आए। आरोप है कि बैंक शाखा प्रबंधक ने धोखाधड़ी करके उक्त रकम को दूसरे खाते में ट्रांसफर कर दिया गया, जिस कारण उसे रकम नहीं मिल सकी। जब वह बैंक से रुपये निकालने पहुंची, तो इसका पता चला। इसके बाद जब बैंक शाखा प्रबंधक से शिकायत की गई, तो उन्होंने संतोषजनक जवाब नहीं दिया। सुनीता की मांग है कि मामले में जांच कराई जाए, क्योंकि उसके अलावा अन्य किसानों के साथ भी इसी तरह की धोखाधड़ी हो सकती है।
नाला गांव में बंदरों का आतंक
शामली। कांधला क्षेत्र के गांव नाला में बंदरों के आतंक से लोग परेशान हैं। एक महीने के भीतर बंदरों ने कई लोगों पर हमला कर दिया। गांव नाला निवासी लोकतंत्र सेनानी कृष्ण बंधु ने जिलाधिकारी को पत्र भेजकर समस्या से निजात दिलाने की मांग की है। उन्होंने बताया कि बंदरों के आतंक की वजह से लोग दिन में भी अपने मकानों की छत पर जाने से घबराते हैं।