कस्बा बनत में नकाबपोश युवक छुरा लेकर धर्मस्थल में घुस गया। युवक ने धर्मस्थल में एक व्यक्ति पर हमले की कोशिश की। इससे मौके पर अफरातफरी का आलम हो गया। शोरशराबा होने पर आरोपी फरार हो गया। पुलिस को घटना सूचना दी गई। पुलिस ने कहा कि मामले की छानबीन जारी है।
बनत कस्बा के मोहल्ला गांधीनगर निवासी हाजी मुश्ताक ने आदर्श मंडी थाना पुलिस को तहरीर देकर अवगत कराया कि मंगलवार रात वह नमाज पढ़ने धर्मस्थल में गए थे। इस बीच नकाबपोश युवक छुरा लेकर घुस आया। उसने धर्मस्थल में मौजूद लोगों के साथ गालीगलौज की तथा हाजी मुश्ताक पर छुरे से हमले की कोशिश की। विरोध करने पर आरोपी युवक वहां से भागने लगा। इस दौरान उसके चेहरे से बंधा कपड़ा भी हट गया। हाजी मुश्ताक ने बताया कि आरोपी की पहचान कर ली गई है। वह कस्बा बनत के मोहल्ला गांधीनगर का ही रहने वाला है तथा आपराधिक प्रवृति का है। उसके खिलाफ पूर्व में भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। हाजी मुश्ताक ने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई के लिए पुलिस से मांग की है। आदर्श मंडी थानाध्यक्ष का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।