जौ की बोरियों के नीचे छिपाकर लाई गई शराब पकड़ी
झिंझाना। जौ की बोरियों के नीचे छिपाकर लाई जा रही 110 पेटी अंग्रेजी शराब पुलिस ने बरामद कर आरोपी ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया, जबकि शराब लाने वाला उसका साथी फरार हो गया। उक्त शराब को मुजफ्फरनगर के खतौली में एक ढाबे पर पहुंचाया जाना था। बरामद शराब की कीमत करीब सात लाख रुपये बताई गई है।
शनिवार तड़के करीब चार बजे झिंझाना पुलिस को सूचना मिली कि करनाल (हरियाणा) की तरफ से ट्रक में लादकर अवैध रूप से शराब लाई जा रही है। इसके बाद पुलिस ने बिडौली चेकपोस्ट पर चेकिंग शुरू कराई। करनाल की तरफ से आए ट्रक को रोका गया, तो उसमें से कूदकर एक आरोपी फरार हो गया। ट्रक की तलाशी ली गई, तो उसमें जौं की बोरियों के नीचे छिपाकर शराब की पेटियां मिलीं। थाना प्रभारी ओपी चौधरी ने मौके से ट्रक चालक अमजद पुत्र जिंदा निवासी गांव भूरा (कैराना) को गिरफ्तार कर लिया गया। ट्रक में से 100 पेटी हरियाणा मार्का अंग्रेजी शराब तथा 10 पेटी बीयर की बरामद हुई। थाना प्रभारी ने बताया की ट्रक मालिक फरार हो गया। उक्त शराब को करनाल की तरफ से झिंझाना के रास्ते खतौली निवासी नितिन के ढाबे पर पहुंचाया जाना था। थाना प्रभारी ने बताया कि ट्रक और बरामद शराब को सीज कर दिया गया है। आरोपी चालक अमजद को न्यायालय में पेश करके जेल भेज दिया गया।