पुलिस ने दो लुटेरे दबोचे
कांधला। बंधन बैंक कर्मी के साथ हुई लूट के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और लूटी गई रकम बरामद कर ली।
गौरतलब है कि एक माह पूर्व कांधला बुढ़ाना मार्ग गांव सुन्ना पुलिया पर दो बदमाशों ने बंधन बैंक कर्मी बिजेंद्र कुमार से 10 हजार रुपये लूट लिए थे। थाना प्रभारी अनिल कुमार सिंह ने बताया कि मंगलवार को मुखबिर की सूचना पर सुन्ना नहर पटरी से घेराबंदी करते हुए दो बदमाशों को गिरफ्तार किया गया। आरोपी साबिक निवासी सुन्ना (शामली) और आकिब निवासी सिखरेड़ा (मुजफ्फरनगर) का रहने वाला है। आरोपियों के पास से लूटी गई रकम में से 3400 रुपये के अलावा तमंचा और चाकू बरामद किया गया। इसके बाद आरोपियों को न्यायालय में पेश करके जेल भेज दिया गया।
बाइक की टक्कर से पिता-पुत्र घायल
कैराना। गांव भूरा के निकट बाइक सवार ने स्कूटर सवार पिता-पुत्र को टक्कर मार दी। हादसे में पिता पुत्र घायल हो गए। मंगलवार दोपहर कैराना के मोहल्ला अंसारियान निवासी वसी हैदर साकी अपने पुत्र कुर्रतुल ऐन के साथ स्कूटर से झिंझाना जा रहे थे। जब वह ग्राम भूरा के निकट पहुंचे, तभी पीछे से आए बाइक सवार ने टक्कर मार दी। राहगीरों के सहयोग से घायल पिता-पुत्र को उपचार हेतु सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर भर्ती कराया गया।