तीन बदमाशों ने किसान को बंधक बनाकर नकदी और बाइक लूट ली। किसान ने बंधनमुक्त होकर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने बदमाशों की घेराबंदी की और एक को दबोच लिया, जबकि दो फरार हो गए।
सोमवार दोपहर कांधला थाना क्षेत्र के गांव कनियान निवासी किसान धर्मेंद्र किसी कार्य के लिए बाइक से एलम कस्बा जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में मिले तीन बदमाशों ने धर्मेंद्र को रोक लिया और आतंकित करके दो हजार रुपये तथा बाइक लूट ली। विरोध करने पर बदमाशों ने किसान को बंधक बनाकर खेत में डाल दिया। किसान ने किसी तरह से बंधन मुक्त होने के बाद मामले की सूचना पुलिस को दी। इसके बाद मौके पर पहुंची एलम चौकी पुलिस ने बदमाशों की घेराबंदी की। एक बदमाश को दबोच लिया जबकि उसके दो साथी मौके से फरार हो गए। थाना प्रभारी अनिल कुमार सिंह ने बताया कि पीड़ित की बाइक बरामद हो गई है। गिरफ्तार आरोपी अनिल कस्बा एलम का रहने वाला है। उसने अपने फरार दो साथियों के नाम भी बताए हैं। फरार आरोपियों को गिरफ्तार करने का प्रयास चल रहा है।