घूस लेने की वीडियो वायरल होने पर दो लेखपाल सस्पेंड
शामली। रिश्वत लेने की वीडियो वायरल होने पर ऊन तहसील में कार्यरत दो लेखपालों को निलंबित कर दिया गया। मामले की जांच एसडीएम ऊन को सौंपी गई है।
ऊन तहसील में कार्यरत कृष्णदत्त शर्मा और यतेंद्र कुमार का रिश्वत लेने का वीडियो एक दिन पूर्व सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। उसमें लेखपाल यतेंद्र कुमार एक ग्रामीण से प्रमाण पत्र पर रिपोर्ट लगाने के मामले में रिश्वत लेता दिखाई दे रहा है। इसके अलावा कृष्ण दत्त शर्मा गांव लव्वा दाउदपुर में किसी ग्रामीण से जमीन संबंधी मामले में रिपोर्ट लगाने की बाबत दो हजार रुपये रिश्वत लेता है। इसकी वीडियो वायरल होने पर मामला उच्चाधिकारियों के संज्ञान में आया। इसी के चलते दोनों लेखपालों को निलंबित कर दिया गया। अपर जिलाधिकारी केबी सिंह ने बताया कि दोनों लेखपालों को एक दिन पूर्व निलंबित कर दिया गया है। इस मामले की जांच एसडीएम ऊन कृष्णपाल तोमर कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि यदि कोई कर्मचारी रिश्वत लेता है, तो उसके खिलाफ कार्रवाई कराई जाएगी।