भूरा के ग्रामीण के खाते से आइसलैंड में की शॉपिंग
कैराना (शामली)।
गांव भूरा के ग्रामीण के बैंक खाते से आईसलैंड में नेट बैंकिंग द्वारा सात हजार रुपये की ऑनलाइन शापिंग करने का मामला प्रकाश में आया है। ठगी का पता चलने पर पीड़ित ने कोतवाली में तहरीर दी।
गांव भूरा निवासी रणपाल सिंह ने कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि उसका बैंक खाता कैराना के पंजाब नेशनल बैंक में है। वह आज खाते से रुपये निकालने पहुंचा, तो पता चला कि 30 मार्च को उसके खाते से सात हजार रुपये कम हो गए। उसने शाखा प्रबंधक से शिकायत की। शाखा प्रबंधक ने जांच करके बताया कि 30 मार्च को तुम्हारे खाते से आईसलैंड में सात हजार रुपये की ऑनलाइन शापिंग की गई है। यह सुनकर रणपाल सिंह हतप्रभ रह गया। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मामले की जांच प्रारंभकर दी है।