कैराना। भूरा-बराला तिराहे पर सोमवार की रात हुई मुठभेड़ के दौरान पुलिस ने दो बदमाशों को गिरफ्तार कर चोरी की तीन भैंस बरामद की। मौके से मुख्य आरोपी सहित तीन बदमाश पुलिस टीम पर फायरिंग करते हुए फरार होने में कामयाब हो गए। पुलिस ने पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से चोरी की तीन भैंस, एक पिकअप, एक तमंचा मय चार कारतूस बरामद किए। आरोपियों के विरुद्ध मामला दर्ज कर चालान कर दिया गया।
सोमवार रात नौ बजे कोतवाली कैराना के कार्यवाहक प्रभारी सुनील दत्त क्षेत्र में अपराधियों की धरपकड़ के लिए गश्त पर थे। मुखबिर ने सूचना दी कि भूरा-बराला तिराहे पर बदमाश नगला राई से चोरी की गई भैंसों को लेकर जा रहे हैं। सूचना पर अमल करते हुए पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर बदमाशों की पिकअप की घेराबंदी कर दी, जिस पर बदमाशों ने खुद को घिरता देख पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई में फायरिंग की। इस दौरान दो बदमाशों को अपने काबू में कर लिया, जबकि तीन आरोपी पुलिस पर फायरिंग करते हुए मौके से फरार हो गए। मुठभेड़ के दौरान पुलिस और बदमाशों में कोई घायल नहीं हुआ। पकड़े गए बदमाशों के कब्जे से एक-एक देशी तमंचा 315 बोर, एक-एक खोखा कारतूस के साथ-साथ चोरी की तीन भैंस व एक पिकअप गाड़ी भी बरामद कर ली। पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम दिलशाद निवासी ग्राम मंसूरा थाना झिंझाना व शकील निवासी दोघट बागपत बताए। बताया कि भैंसों को एक दिन पहले रात्रि में उनके द्वारा गांव नंगलाराई से हाशिम के मकान से चोरी की थी, जिसके बाद वह उन्हें बेचने के लिए जा रहे थे। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया था। कोतवाल ने बताया कि गिरोह के तीन आरोपी आरिफ निवासी मंसूरा व सोनू निवासी दोघट तथा एक अन्य अज्ञात फरार हो गए है। इसका सरगना आरिफ बताया जा रहा है, जिनकी तलाश की जा रही है। बाद में पुलिस ने आरोपियों से पूछताछ करने के बाद उनके विरुद्ध सुसंगत अभियोग दर्ज कर चालान कर दिया।