कैराना (शामली)। कोतवाली कैराना क्षेत्र के एक गांव में अपनी मां के साथ रिश्तेदारी में आई बच्ची को नशीला पदार्थ खिलाकर मौसा ने ही दुष्कर्म कर दिया। पीड़िता की मां ने आरोपी के खिलाफ कैराना कोतवाली पुलिस को तहरीर दी है।
जनपद गाजियाबाद के शहर मोदीनगर निवासी महिला ने तहरीर देकर बताया कि मंगलवार को वह अपनी 12 वर्षीय पुत्री के साथ चचेरी बहन के घर पर आई थी। आरोप है कि रात में उसके जीजा ने उन दोनों को नशीला पदार्थ खिला दिया। जिसके बाद उसकी नाबालिग पुत्री के साथ दुष्कर्म किया गया। घटना के अगले दिन दोनों मां-बेटी को होश आया, जिस पर बेटी ने अपनी मां को आपबीती बताई। जब महिला ने जीजा से शिकायत की, तो वह उन्हें डराने-धमकाने लगा, जिस पर मौके पर परिवार में हंगामा हो गया। आरोपी ने पुलिस से शिकायत करने पर उन्हें जान से मारने की धमकी दी। बाद में पीड़िता को लेकर उसकी मां ने कैराना कोतवाली पहुंचकर आरोपी के खिलाफ नामजद तहरीर दी। कार्यवाहक कोतवाली प्रभारी सुनील दत्त का कहना है कि मामला संज्ञान में आया है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। अभी रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई है।