शामली। आदर्श मंडी थाना क्षेत्र के मोहल्ला रेलपार में चार युवकों ने एक युवक पर चाकू से हमला कर दिया। युवक को प्राथमिक उपचार के बाद जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया। अभी परिजनों की तरफ से पुलिस को तहरीर नहीं दी गई है।
मोहल्ला रेलपार गली नंबर पांच निवासी अनूप उर्फ छोटू (29) शुक्रवार शाम करीब साढ़े पांच बजे राजबाहे पटरी के पास खड़ा था। आरोप है कि इसी दौरान दो बाइक सवार चार युवक वहां पहुंचे और आड़ी तिरछी बाइक चलाते हुए हंगामा करने लगे। अनूप ने विरोध किया, तो युवकों ने गाली गलौज कर दी। इस पर मारपीट हो गई। आरोप है कि एक युवक ने चाकू से अनूप पर हमला कर दिया। अनूप के चेहरे पर चाकू से कई प्रहार किए गए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। वारदात को अंजाम देकर आरोपी मौके से फरार हो गए। शोर शराबा होने पर भीड़ इकट्ठा हो गई तथा अनूप के परिजन मौके पर पहुंच गए। घायल अनूप को शामली सीएचसी पहुंचाया गया। वहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसको जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया। वहीं, युवक की मां ने आरोप लगाया कि आरोपी युवक कई दिन से आसपास में मंडराते थे और आने जाने वाली लड़कियों से छेड़छाड़ भी करते थे। उधर, आदर्श मंडी थाना प्रभारी धर्मेंद्र सिंह पंवार का कहना है कि घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर गई थी। युवक के परिजनों से बात की गई, लेकिन अभी परिजनों ने तहरीर नहीं दी है। मामले में जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।
संदिग्ध परिस्थिति में युवती की मौत
झिंझाना। थाना झिंझाना क्षेत्र के गांव श्यामली श्यामला में बृहस्पतिवार को एक युवती की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। पुलिस ने युवती के शव पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम में मृत्यु का कारण स्पष्ट नहीं हुआ। चिकित्सक ने बिसरा सुरक्षित कर दिया है। झिंझाना थाना प्रभारी ओपी चौधरी ने बताया कि घटना के संबंध में युवती के परिजनों ने चौसाना चौकी पर लिखकर दिया था कि अज्ञात कारण से युवती की मौत हो गई।