नगर के मोहल्ला मिर्दगान में क्लीनिक चलाने वाले डॉक्टर की दुकान पर अज्ञात व्यक्ति ने चिट्ठी फेंक कर डेढ़ लाख रुपये सुपारी लेकर हत्या करने की धमकी दी है। डॉक्टर ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
मोहल्ला मिर्दगान में डॉक्टर उपेंद्र ने क्लीनिक खोल रखा है। रविवार सुबह जब वह क्लीनिक पर पहुंचे तो दुकान में एक चिट्ठी पड़ी मिली। चिट्ठी में लिखा था कि कस्बा छोड़कर चले जाओ नहीं तो तुम्हारी हत्या कर दी जाएगी। हमें हत्या करने के डेढ़ लाख रुपये मिले हैं। चिट्ठी पढ़ते ही डॉक्टर उपेंद्र घबरा गए और मामले की जानकारी पुलिस को दी। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देकर अज्ञात लोगों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की। डॉक्टर उपेंद्र बालियान ने बताया है कि मेरी किसी से कोई रंजिश या दुश्मनी नहीं है। पीड़ित डॉक्टर ने पुलिस को परिवार व अपनी सुरक्षा प्रदान करने करने की मांग की है। थाना प्रभारी निरीक्षक उमेश कुमार रोरिया का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।