शामली। व्यापारी से फोन पर रंगदारी मांगने के आरोप में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चालान कर दिया। आरोपियों ने व्यापारी को 20 हजार रुपये न देने पर हत्या करने की धमकी दी थी।
मोहल्ला रेलपार निवासी विपिन कुमार की कैराना रोड पर इलेक्ट्रॉनिक्स की दुकान है। व्यापारी ने पुलिस को तहरीर देकर बताया था कि एक जून की शाम को उनके मोबाइल पर अनजान नंबर से कॉल आई थी। कॉल करने वाले ने व्यापारी से 20 हजार रुपये की मांग की थी। साथ ही रकम न देने पर हत्या करने की धमकी दी गई थी। व्यापारी के मुताबिक उस दिन शाम को वह दुकान बंद कर घर चला गया था। इसके बाद दो युवक दुकान पर पहुंचे थे। दुकान बंद देखकर तोड़फोड़ का प्रयास करते हुए आसपास के लोगों को धमकी दी थी कि उन्होंने व्यापारी के नाम की सुपारी ले रखी है। अगर रंगदारी नहीं दी तो उसकी हत्या कर दी जाएगी। कोतवाली प्रभारी सुभाष सिंह राठौर ने बताया कि सर्विलांस की मदद से मोबाइल नंबर की जांच की गई तो वह रवि निवासी माजरा रोड शामली का निकला। रवि को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई तो उसने अपने साथी का नाम काला बताया, जो उसी के मोहल्ले का रहने वाला है। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि इसके बाद काला को भी पकड़ लिया गया। व्यापारी की तहरीर के आधार पर रंगदारी की धारा में मुकदमा दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर चालान कर दिया गया है।