रायफल प्रकरण में एनआईए ने कमालपुर पहुंचकर जांच की
चौसाना (शामली)। अक्तूबर माह में पुलिसकर्मियों से रायफल लूट के मामले में एनआईए की टीम ने अपनी तफ्तीश शुरू कर दी है। दो सदस्यीय टीम ने शनिवार को भी जांच पड़ताल की। घटनास्थल का निरीक्षण किया।
एनआईए की टीम दो महीनों में कई बार यहां आकर जांच पड़ताल कर चुुकी है। शनिवार को एनआईए के इंस्पेक्टर और एक सब इंस्पेक्टर की टीम चेकपोस्ट पर पहुंची, जहां पुलिसकर्मियों के साथ घटना घटित हुई थी। टीम ने गहनता के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया। घंटों जांच के बाद एनआईए टीम लौट गई। जांच के दौरान चौसाना पुलिस साथ रही। पिछले दो महीनों में एनआईए की टीम कई बार यहां का दौरा कर चुकी है। गौरतलब है कि दो अक्तूबर को कमालपुर पुलिस चेकपोस्ट पर हमला कर होमगार्ड को गोली मारकर रायफल लूट ली गई थी। 14 अक्तूबर को पुलिस ने घटना का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लूटे गए हथियार बरामद कर लिए थे। 18अक्तूबर को झिंझाना पुलिस ने केस के एक अन्य आरोपी करमा को पकड़ा, जबकि 18 अक्तूबर को पंजाब की पटियाला पुलिस ने बीकानेर से मुख्य आरोपी जर्मन को पकड़ा था। पूछताछ के बाद खुलासा हुआ था कि ये आरोपी खालिस्तान समर्थक हैं और इनका इरादा पंजाब के पूर्व सीएम की रैली में बवाल करने का था। पहले ये केस पुलिस ने एटीएस को और 27 नवंबर को एनआईए को सौंपी गई थी, तभी से एनआईए टीम यहां लगातार आकर जांच कर रही है। इंस्पेक्टर झिंझाना ओपी चौधरी ने बताया कि एनआईए के इंस्पेक्टर अनिल कुमार की टीम यहां तफ्तीश कर रही है।