क्लीनर से कुकर्म के आरोप में ट्रक चालक गिरफ्तार
शामली। झिंझाना थानाक्षेत्र के एक गांव निवासी युवक पिछले कुछ समय से एक ट्रक पर क्लीनर था। ट्रक पर जिला बागपत के एक गांव निवासी विपिन चालक था। आरोप है कि ट्रक चालक ने कई बार क्लीनर से कुकर्म किया और उसे चुप रहने की धमकी देता था। शुक्रवार रात को बनत के समीप ट्रक खड़ा कर चालक ने क्लीनर के साथ फिर कुकर्म किया। इससे परेशान होकर क्लीनर किसी तरह बहाना कर अपने घर पहुंचा और परिजनों को मामले की सूचना दी। परिजनों ने आरोपी ट्रक चालक के खिलाफ थाना आदर्श मंडी पर तहरीर दी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया। आदर्श मंडी थाना प्रभारी कर्मवीर सिंह ने बताया कि आरोपी ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है। पीड़ित क्लीनर को मेडिकल के लिए भेजा गया है। --