बिजली चोरी करने से रोका तो कुछ लोगों ने एक युवक के घर पर हमला कर दिया। हमले में दो महिलाओं सहित तीन लोग घायल हो गए। तीनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया।
मोहल्ला काजीवाड़ा निवासी नदीम पुत्र नसीर ने बताया कि उसके घर के बाहर स्ट्रीट लाइट लगी हुई है। आरोप है कि उसके पड़ोसी उस स्ट्रीट लाइट के तारों में कट लगाकर अपने घर में बिजली प्रयोग करते हैं। इस संबंध में उसने उनको टोका था, लेकिन वे नहीं माने। आरोप है कि इसी बात से चिढ़कर आरोपियों ने बृहस्पतिवार को उसके घर में घुसकर हमला कर दिया। आरोपियों ने धारदार हथियारों और लाठी-डंडों से हमला किया। जिसमें नदीम की मां मुन्नी, बहन रेशमा और उसका पिता नसीर बुरी तरह से घायल हो गया। घायल को सीएचसी में भर्ती कराया गया। जहां से डाक्टरों ने रेशमा को गंभीर हालत के चलते बाहर रेफर कर दिया। इस मामले में नदीम की ओर से आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी गई है।