90 बीघा जमीन का मालिक है लुटेरा
शामली।
बंधन बैंक कर्मी से लूट के मामले में गिरफ्तार हुआ एक आरोपी 90 बीघा जमीन का मालिक है। बावजूद इसके जल्दी अमीर बनने की ख्वाहिश ने उसे लुटेरा बना दिया। पुलिस ने आरोपी और उसके साथी को न्यायालय में पेश करके जेल भेज दिया है।
कांधला थाना क्षेत्र में 24 अगस्त को बंधन बैंक कर्मी बिजेंद्र से तीन बदमाशों ने नकदी, रजिस्टर, पीओएस मशीन लूट ली थी। बुधवार को एसपी दफ्तर पर प्रेसवार्ता के दौरान पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार ने बताया कि वारदात का खुलासा करने और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम लगाई गई थी। इसके चलते कांधला थाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर सुन्ना मार्ग स्थित रजबहे की पुलिया के पास से आकिब पुत्र उम्मेर अली निवासी सिकरेडा थाना सिखेडा (मुजफ्फरनगर) और शाकिब पुत्र जहूर हसन निवासी गांव सुन्ना थाना कांधला (शामली) को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के पास से लूटी गई पीओएस मशीन, रजिस्टर और फार्म के अलावा तमंचा, दो कारतूस तथा एक छुरा बरामद किया गया। पूछताछ में मालूम चला कि आरोपी शाकिब के परिवार के पास 90 बीघा कृषि भूमि है। इसके बावजूद उसने बंधन बैंक कर्मी से लूट की साजिश रची तथा आकिब और एक अन्य बदमाश को बुलाकर वारदात को अंजाम दिया। उधर, दोपहर बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करके जेल भेज दिया।
निष्पक्ष जांच कराने की मांग
शामली। कांधला के मोहल्ला खैल में हुई नाजिम की हत्या के मामले में पुलिस द्वारा हिरासत में लिए गए युवकों के परिजनों ने निष्पक्ष जांच की मांग की है।
कस्बा कांधला के मोहल्ला खैल निवासी नाजिम की 19 सितंबर को घर के बाहर सोते समय गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में पुलिस ने मोहल्ले के ही दो युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। वहीं, बुधवार को युवकों के परिजन एसपी दफ्तर पहुंचे। परिजनों ने कहा कि दोनों युवकों से पुलिस कई दिन तक पूछताछ कर चुकी है, लेकिन कोई खुलासा नहीं हुआ। उनका कहना है कि दोनों युवक निर्दोष हैं। इस दौरान मतलूब, आबिद सहित अन्य लोग भी मौजूद रहे।