सीआईए को हथियार सप्लायर की तलाश
कैराना (शामली)। हरियाणा सीआईए स्टाफ ने हत्या के एक मामले में हत्यारोपी को हथियार बेचने वाले की तलाश में कस्बे के मोहल्ला दरबारखुर्द में दबिश दी। इस दौरान हथियार के सौदागर के हत्थे नहीं चढ़ने पर सीआईए टीम बेरंग लौट गई।
रविवार को हरियाणा के दादरी सदर थाने से सीआईए स्टाफ के एएसआई सुरेश कुमार ने अपनी टीम के साथ कोतवाली कैराना पर आमद दर्ज कराई। इसके बाद स्थानीय पुलिस को साथ लेकर नगर के मोहल्ला दरबारखुर्द में दबिश दी गई, लेकिन वहां कोई सफलता नहीं मिली। सीआईए के एसआई सुरेश कुमार ने बताया कि दादरी क्षेत्र में 2017 में गैंगवार के चलते एक बदमाश की हत्या हुई थी, जिसमें हत्यारोपी को गिरफ्तार कर लिया गया था। आरोपी को कस्टडी रिमांड पर लिया गया, तो उसने हत्या में प्रयुक्त किए गए हथियार के बारे में बताया कि कैराना के मोहल्ला दरबारखुर्द निवासी युवक से खरीदा था। हथियार के सप्लायर की तलाश में ही सीआईए टीम ने दबिश दी। इस दौरान आरोपी को सुराग नहीं लग सका। बाद में टीम खाली हाथ लौट गई।