थानाभवन। रुपयों के लेनदेन को लेकर चल रहे विवाद में एक पक्ष ने दूसरे पक्ष के घर में घुसकर हमला कर दिया। एक वृद्धा को जमकर पीटा गया, जिस कारण उसकी मौत हो गई। मृतका के पति की तहरीर पर दूसरे पक्ष से एक महिला सहित पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
थानाभवन क्षेत्र के गांव मसावी निवासी इंसाद और आबिद पक्ष में पिछले कुछ दिनों से रुपयों के लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा था। बृहस्पतिवार को गांव के लोगों ने बैठकर दोनों पक्षों में फैसला करा दिया था, लेकिन आबिद पक्ष ने इस फैसले को ठुकरा दिया और पंचायत से चले गए। आरोप है कि रात करीब एक बजे आबिद, शफीक पुत्र बुंदू, संजीदा पत्नी आबिद, वासिफ व नफीस पुत्र आबिद ने इंसाद के घर में घुसकर हमला बोल दिया। हमले में इंसाद की पत्नी शमीना (60) को जमकर पीटा। कुछ दिन पूर्व ही उसके पेट का ऑपरेशन हुआ था। जिस कारण वह गंभीर रूप से घायल हो गई। शोर होने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव किया।
इसके बाद परिजन शमीना को लेकर पहले गांव के ही निजी चिकित्सक के पास पहुंचे, जहां से उसे मुजफ्फरनगर के लिए रेफर कर दिया गया। हालत गंभीर होने के कारण शमीना ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में ले लिया। इसके बाद शमीना के पति इंसाद की तहरीर पर पुलिस ने आबिद, शफीक, संजीदा, वासिफ और नफीस के खिलाफ घर में घुसकर हमला करने, गैर इरादतन हत्या के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कर ली। सीओ थानाभवन अरविंद सिंह राठौर ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है, आरोपियों को गिरफ्तार करने का प्रयास चल रहा है।