भाई से मिलकर जलालाबाद लौट रहे बाइक सवार दो युवकों परफायरिंग कर दी गई। गोली लगने से दोनों युवक घायल हो गए। सूचना पर पहुंची डायल-100 पुलिस ने दोनों घायलों को अस्पताल भेजवाया। सूचना पर सीओ थानाभवन मय फोर्स के पहुंचे तथा घटना के बारे में पूछताछ की। शाम तक इस मामले में कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई गई थी।
गंगोह रोड जलालाबाद निवासी सरदार खान पुत्र जिकरखान अपने भाई दिलदार खान से मिलने के लिए हसनपुर लुहारी बाइक से गया था। शाम को वह जलालाबाद आने के लिए वहां से चला। रास्ते में निन्ना निवासी लुहारी की बाइक पर लिफ्ट लेकर बैठ गया। जब उनकी बाइक नागल वाले रोड पर रजवाहे के पास पहुंची, तो वहां पर बाइक सवार दो बदमाश खड़े हुए थे। आरोप है कि दोनों ने दोनों युवकों पर फायरिंग कर दी। फायरिंग में सरदार खान को दो गोली हाथ व पेट में लगी, जबकि बाइक चालक निन्ना भी गोली लगने से घायल हो गया। फायरिंग करने के बाद बदमाश फरार हो गए। राहगीरों की मदद से डायल-100 पुलिस को सूचना दी गई। सूचना पर डायल-100 पुलिस मौके पर पहुंची तथा घायलों को अस्पताल भेजवाया। सूचना पर सीओ थानाभवन राजेश कुमार तिवारी, एसओ थानाभवन पीके सिंह तथा जलालाबाद चौकी प्रभारी जितेंद्र कुमार, कादरगढ़ चौकी प्रभारी संदीप घटनास्थल पर पहुंचे तथा आसपास के लोगों से पूछताछ की। घटना के पीछे सरदार खान के साथ कोई पुरानी रंजिश मानकर चल रही है।