गांव हसनपुर लुहारी निवासी इजरान का फाइल फोटो। स्रोत परिजन
थानाभवन/ हसनपुर लुहारी (शामली)। थानाभवन-मुजफ्फरनगर मार्ग पर गांव ख्यावड़ी भट्ठे के निकट सड़क किनारे खड़ा यूकेलिप्टस का पेड़ अचानक सड़क पर गिर गया। इसकी चपेट में आकर बाइक सवार नईम व उनका तीन वर्षीय पुत्र इजरान सड़क पर गिर गए। इस हादसे में पुत्र की मौत हो गई, जबकि पिता घायल हुए। इस दौरान टहनी की चपेट में आने से स्कूटी सवार दंपती भी घायल हुए।
गांव हसनपुर लुहारी निवासी नईम मजदूरी करकर परिवार का पालन पोषण करते हैं। सोमवार सुबह वह अपने तीन वर्षीय पुत्र इजरान को नजला जुकाम की दवा दिलाने बाइक से थानाभवन जा रहे थे। जब वे गांव ख्यावड़ी ईंट भट्ठे के निकट पहुंचे तो सड़क किनारे खड़ा यूकेलिप्टस का पेड़ अचानक टूटकर उनकी बाइक पर गिर गया।
हादसे में नईम और उनका पुत्र इजरान घायल हो गए। इसी दौरान गांव मुल्लापुर निवासी यशपाल अपनी पत्नी मंजू के साथ स्कूटी से मुजफ्फरनगर स्थित अपने घर लौट रहे थे। वे भी पेड़ की चपेट में आकर स्कूटी समेत सड़क पर गिरकर घायल हुए। लोगों ने गंभीर रूप से घायल नईम व उसके बेटे इजरान को को थानाभवन सीएचसी में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने इजरान को मृत घोषित कर दिया। वहीं नईम को जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया। उधर, सड़क के बीच पेड़ गिरने से यातायात बाधित हो गया। दोनों तरफ वाहनों की लंबी लाइनें लग गई। इजरान नईम का इकलौता बेटा था। परिवार में एक गोद ली हुई बेटी है। परिजन पुलिस कार्रवाई कराने से इन्कार करते हुए शव को घर ले गए। इसके बाद शव को सुपुर्दे खाक कर दिया गया। सीओ थानाभवन श्याम सिंह ने बताया कि पेड़ गिरने से बच्चे की मौत होने की जानकारी मिली है।