शामली। कलक्ट्रेट के निकट स्थित बनत चौराहे पर मंगलवार को तेज रफ्तार बाइक की साइड लगने से दूसरी बाइक सवार दंपती और उनके चार बच्चे घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने घायलों को जिला चिकित्सालय पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद सभी को छुट्टी दे दी गई।
जनपद सहारनपुर के गांव संताहेड़ी निवासी आरिफ अपनी पत्नी सानिया और बच्चों आदिबा, अरमान, महक व हुनैरा के साथ बाइक से सहारनपुर से सनौली जा रहे थे। जब वे बनत बाईपास पहुंचे, तभी पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार बाइक ने उनकी बाइक को साइड मार दी।
टक्कर लगते ही दंपती व चारों बच्चे सड़क पर गिरकर चोटिल हो गए। घटना के बाद दूसरी बाइक सवार युवक मौके से भाग गया। राहगीरों ने तुरंत घायलों को जिला अस्पताल भिजवाया, जहां चिकित्सकों ने सभी को प्राथमिक उपचार देकर घर भेज दिया। बाद में मौके पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को हादसे की जानकारी दी।
सूचना मिलते ही परिजन भी अस्पताल पहुंचे और घायलों को अपने साथ घर ले गए।