शामली, कैराना। जुमे की नमाज के मद्देनजर डीएम जसजीत कौर व एसएसपी सुकीर्ति माधव ने धर्म गुरुओं के साथ बैठक की। इस दौरान पहले की तरह शांतिपूर्वक माहौल बनाने के लिए सहयोग की अपील की गई। सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों से युवाओं को दूर रखने का आह्वान किया और माहौल खराब करने वालों से सख्ती से निपटने की बात दी।
बैठक में डीएम ने कहा कि इस समय माहौल बहुत ही संवेदनशील है। उन्होंने धर्मगुरुओं से युवाओं को समझाने और सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों से दूर रहने की अपील की। यदि कहीं माहौल सही नहीं लग रहा तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस-प्रशासन को दी जाए। जुमे के दिन जोनल व सेक्टर मजिस्ट्रेटों की तैनाती रहेगी। इसके अलावा सुरक्षा की दृष्टि से अतिरिक्त पुलिस फोर्स तैनात रहेगा। यदि कोई ज्ञापन देना चाहते हैं, तो जुमे को छोड़कर अन्य दिनों में पुलिस-प्रशासन को सूचना देने के बाद ज्ञापन दे सकते हैं।
एसएसपी ने कहा कि कुछ बाहरी लोग सोशल मीडिया या आपके बीच आकर माहौल खराब कर सकते हैं। ऐसे लोग अगर पोस्टर लगाएं या सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट डालें। उन्होंने सभी से शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सहयोग की अपील की।
जुमे के दिन ही विरोध प्रदर्शन का संशय पैदा न हो
एएसपी ओपी सिंह ने कहा कि कुछ असामाजिक तत्व माहौल खराब करने की कोशिश में हैं। घर का कोई सदस्य अगर गलत कर रहा हैं तो उसे समझाए। वरना पुलिस प्रशासन कार्रवाई के लिए तैयार है। जुमे की नमाज के बाद ही जुलूस विरोध प्रदर्शन का संशय पैदा न हो। आपसी प्रेम भाईचारे की फिजा हमेशा बनी रहे।
- कैराना का नाम किराना घराना के नाम से प्रसिद्ध
एसडीएम विशु राजा ने कहा कि कैराना का नाम किराना घराने के नाम से प्रसिद्ध है। यहां से कई संगीतकार निकले हैं। कैराना कुछ गलत चीजों से बदनाम हुआ है। कोई भी छोटी से छोटी घटना की जानकारी पुलिस प्रशासन को जरूर दें। उन्होंने कहा कि इस्लाम धर्म ने हमेशा शांति का संदेश दिया हैं। सभी लोग आपस में मिलजुल कर रहें। इसी में ही सबकी भलाई है।
सोशल मीडिया पर साइबर टीम की नजर
सीओ ने कहा कि कुछ लोग नापाक इरादे से माहौल खराब करने का प्रयास कर सकते हैं। सोशल मीडिया पर डाली जा रही पोस्ट पर साइबर टीम नजर रखे हुए हैं। माहौल खराब करने वाली पोस्ट डालने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
अधिकारियों ने जवानों को किया ब्रीफ
कोतवाली में बैठक के बाद डीएम एसएसपी सीधे चौक बाजार में पहुंचे। जहां पर पुलिस व पीएसी के जवानों को डीएम एसएसपी ने ब्रीफ किया। एसएसपी ने कहा कि सभी पुलिसकर्मी अपनी ड्यूटी पर सतर्कता के साथ तैनात रहें। असामाजिक तत्वों के अंदर पुलिस का खौफ होना चाहिए। उन्होंने जुमे की नमाज शांतिपूर्वक संपन्न कराने के लिए अपनी ड्यूटी के दौरान हर गतिविधि पर नजर रखने तथा राजपत्रित अधिकारी के आदेश के बाद ही बेकाबू भीड़ व असामाजिक तत्वों के खिलाफ एक्शन लेने के निर्देश दिए।
मदरसा प्रबंधकों और प्रधानाचार्यों से की वार्ता
शामली। कलक्ट्रेट सभागार में डीएम जसजीत कौर ने मान्यता प्राप्त मदरसों के प्रबंधक व प्रधानाचार्य के साथ बैठक की। डीएम ने कहा कि जिले का नाम खराब नहीं होना चाहिए। इसलिए शांतिपूर्ण माहौल में नमाज अदा कराते हुए अमन-चैन का संदेश देना है। जिले में कोविड का समय रहा हो या त्योहारों का आपने ने अपेक्षित सहयोग प्रदान किया। आगे भी उसी तरह सहयोग अपेक्षित है। मदरसा प्रबंधकों ने विचार रखते हुए शांति व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का पूरा सहयोग करने की बात कही। बैठक में अपर जिलाधिकारी संतोष कुमार सिंह सहित समस्त मान्यता प्राप्त मदरसों के प्रबंधक/प्रधानाचार्य मौजूद रहे। संवाद
चौकीदारों को दिए दिशा-निर्देश्
थानाभवन। थाना प्रांगण में थाना प्रभारी निरीक्षक कुलदीप सिंह ने क्षेत्र के सभी ग्राम व कस्बों के चौकीदारों के साथ बैठक की। बैठक मे मौजूद चौकीदारों को क्षेत्र में शांति व्यवस्था के लिए आवश्यक दिशा निर्देश दिए। चौकीदारों से कहा गया कि अगर कोई भी असामाजिक तत्व ,अपराधी, गुंडा चुनाव को प्रभावित करने का प्रयास करता है या माहौल खराब करने की कोशिश करे तो उसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें। अगर कोई भी व्यक्ति किसी भी प्रकार का बिना परमिशन कोई आयोजन करता हुआ या लोगों को एकत्र कर भड़काऊ भाषण करते हुए पाया गया तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। बैठक के दौरान एसएसआई प्रमोद कुमार कई चौकीदार मौजूद रहे। संवाद
शामली कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में मौजूद मदरसा संचालक।- फोटो : SHAMLI
शामली कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में मौजूद मदरसा संचालक।- फोटो : SHAMLI
कैराना कोतवाली में धर्म गुरुओं के साथ बैठक में मौजूद डीएम जसजीत कौर व एसएसपी सुकीर्ति माधव।- फोटो : SHAMLI
कैराना कोतवाली में बैठक में मौजूद धर्म गुरु व जिम्मेदार लोग।- फोटो : SHAMLI