ामली सीबी गुप्ता कॉलोनी में इलेक्ट्रॉनिक की दुकान पर रखे पंखे व कूलर
- फोटो : SHAMLI
शामली। मार्च के महीने में गर्मी की शुरूआत होते ही बाजार भी तैयार हो गए हैं। गर्मी से राहत देने वाले इलेक्ट्रिक और इलेेक्ट्रानिक्स बाजार में व्यापारियों ने माल का स्टॉक मंगाकर तैयारी कर ली है। पिछले साल कोरोना की मार झेल चुके व्यापारियों को इस बार कारोबार अच्छा रहने की उम्मीद है। साथ ही महंगाई बढ़ने के कारण थोड़ी हिचकिचाहट भी नजर आती है। पिछले साल के मुकाबले इस बार 25 से 30 प्रतिशत दामों में वृद्धि होना बताया है। इसकी वजह प्लास्टिक, कॉपर, लोहा व एल्युमीनियम के दाम बढ़ना बताया गया है।
इस बार गर्मी मार्च महीने में ही दस्तक दे रही है। इस समय दिन का तापमान 28 से लेकर 33 डिग्री सेल्सियस और रात का तापमान 12 से 15 डिग्री सेल्सियस के बीच चल रहा है। दिन में गर्मी का मौसम शुरू होते ही इलेक्ट्रिक और इलेक्ट्रानिक्स बाजार में व्यापारियों ने माल का स्टॉक मंगाना शुरू कर दिया है। व्यापारियों का कहना है कि पिछले साल कोरोना की वजह से 24 मार्च को लॉकडाउन लागू हो गया था, जिस कारण कारोबार अच्छा नहीं रहा था। इस बार व्यापारियों को कारोबार अच्छा होने की उम्मीद है। अभी इक्का दुक्का ग्राहक आ रहे हैं। अप्रैल माह में गर्मी भी बढ़ जाएगी और शादी का सीजन भी शुरू हो जाएगा। ऐसे में बिक्री अच्छी होने की उम्मीद है।
ये बोले व्यापारी
सीबी गुप्ता कालोनी में इलेक्ट्रिक और इलेक्ट्रानिक उत्पादों के शोरूम संचालक सिद्धार्थ गोयल ने बताया कि पंखे, कूलर, फ्रीज और एसी का स्टॉक मंगा लिया है। इस बार कारोबार अच्छा होने की उम्मीद है। इस बार महंगाई 25 से 30 प्रतिशत बढ़ी है। इसकी वजह प्लास्टिक, कॉपर और लोहे के दाम बढ़े हैं। इलेक्ट्रिक सामानों में इनका इस्तेमाल होता है।
--
हनुमान रोड पर इलेक्ट्रिक व्यापारी कमल गर्ग का कहना है कि पिछले साल मार्च में लॉकडाउन लग गया था। शुरू में जो माल मंगाया था, वह मुश्किल से बिक पाया था। इस बार अच्छे कारोबार की उम्मीद को लेकर माल मंगाया है, लेकिन महंगाई बढ़ने के कारण थोड़ी हिचक भी बनी है। कॉपर, एल्युमीनियम व लोहे के दाम बढ़ने के कारण कूलर पर 500 से एक हजार रुपये और पंखे पर 100 से 200 रुपये दाम बढ़े हैं। अभी तो दिन में एक-दो ग्राहक पंखे या कूलर का आ रहा है। उम्मीद है अप्रैल में गर्मी बढ़ेगी तो बिक्री बढ़ जाएगी।
--
मिल रोड पर इलेक्ट्रानिक्स और इलेक्ट्रानिक्स व्यापारी सतीश कुमार का कहना है कि पिछले साल कोरोना की वजह से कारोबार पिट गया था। इस बार कारोबार अच्छा रहने की उम्मीद है। माल का स्टॉक मंगा लिया है। अभी ग्राहक कम है। उम्मीद है गर्मी और बढ़ेगी तो ग्राहक भी बढ़ेगा। पिछले साल के मुुकाबले इस बार एसी व फ्रीज पर लगभग एक हजार रुपये, कूलर पर 500 रुपये और पंखे पर 50 से 100 रुपये बढ़े हैं।