शामली। झिंझाना थानाक्षेत्र में ऊन रोड पर गांव सिकंदरपुर के पास पुलिस की जीप ट्रैक्टर-ट्राली में टकरा गई। दुर्घटना में जीप में सवार दो पुलिसकर्मी घायल हो गए। घायलों का सीएचसी ऊन में उपचार कराया है।
बृहस्पतिवार दोपहर थाना झिंझाना की जीप ऊन रोड पर गश्त कर रही थी। जीप को सिपाही सोनू चला रहा था और साथ में सिपाही बाबूराम बैठे हुए थे। जब गाड़ी ऊन रोड पर गांव सिकंदरपुर के निकट पहुंची तो आगे ट्रैक्टर-ट्राली जा रही थी। ट्रैक्टर-ट्राली की गति अचानक धीमी हुई तो पीछे चल रही जीप घुस गई। इस दुर्घटना में दोनों सिपाही घायल हो गए। टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे।
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल पुलिसकर्मियों का सीएचसी ऊन में उपचार कराया। थाना प्रभारी प्रभारी ने बताया जीप की ट्राली से टक्कर हो गई थी, जिसमें जीप में सवार दो सिपाहियों को चोट लगी है। जीप का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। हादसा मानते हुए ट्रैक्टर-ट्राली को भेज दिया गया था।