घायल अवस्था में मिला व्यापारी
कांधला। एक व्यापारी के बुढ़ाना रोड पर घायल अवस्था में मिलने से हड़कंप मच गया। परिवार के लोगों ने व्यापारियों के साथ थाने पहुंचकर लूटपाट के इरादे से मारपीट किए जाने की आशंका व्यक्त करते हुए कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
गांव राजपुर छाजपुर निवासी जयसिंह कस्बे के मैन बाजार में कॉसमैटिक की दुकान कई वर्षों से करते चले आ रहे हैं। परिवार के लोगों के अनुसार रोजाना की भांति वह बुधवार शाम करीब आठ बजे दुकान को बंद करने के बाद गांव के लिए निकल गया। काफी देर बाद भी जब जयसिंह अपने घर पर नहीं पहुंचा तो परिवार के लोगों को उसकी चिंता सताने लगी। इसी बीच राहगीरों को गांव हुरमंजपुर रास्ते के समीप कांधला-बुढ़ाना रोड पर जयसिंह बदहवास हालत में बाइक से नीचे सड़क किनारे पड़ा मिला। राहगीरों ने मामले की जानकारी पुलिस के साथ ही परिवार के लोगों को दी। पुलिस उसे अस्पताल में भर्ती कराया।
इस मामले में बृहस्पतिवार को व्यापारी के परिवार के लोगों ने कस्बे के व्यापारियों के साथ थाने पहुंचकर व्यापारी के साथ लूटपाट का प्रयास विफल हाने पर मारपीट किए जाने की आशंका व्यक्त करते हुए कार्रवाई की मांग की। थाना प्रभारी ने लोगों को आश्वासन दिया कि पुलिस उक्त प्रकरण की गहनता से जांच करने के बाद उचित कार्रवाई करेगी। इस दौरान रिकू, आनंद, अमित, नरेश, सोनू, आदि लोग मौजूद रहे ।