कैराना के झाडखेड़ी में तालाब की भूमि को बुलडोजर से कब्जा मुक्त कराती राजस्व विभाग की टीम।
- फोटो : SHAMLI
कैराना। डीएम के निर्देश पर राजस्व विभाग की टीम ने गांव झाड़खेड़ी पहुंचकर तालाब की भूमि को कब्जा मुक्त कराया। इस दौरान टीम ने तालाब की भूमि पर बने 11 निर्माण को बुलडोजर से ध्वस्त करा दिया, जबकि 24 कब्जाधारियों के विरुद्ध बेदखली की कार्रवाई शुरू कर दी।
तहसीलदार प्रियंका जायसवाल के निर्देशन में शनिवार को राजस्व कानूनगो सोहन पाल, हलका लेखपाल मुजक्किर खान, शमशेर आदि पुलिस बल के साथ गांव झाड़खेड़ी पहुंचे। यहां पर सरकारी तालाब की 26 बीघा भूमि राजस्व रिकार्ड में दर्ज है। मौके पर करीब 12 बीघा जमीन पर कब्जा था।
टीम ने तालाब की भूमि पर अवैध कब्जा करके बनाए गए 11 निर्माण घेर व प्लाट आदि पर बुलडोजर चलवा कर कब्जा मुक्त करा लिया। इस तालाब की भूमि पर करीब 24 मकान भी बने हैं, जिनमें परिवार रहते हैं। राजस्व टीम ने ऐसे 12 लोगों के विरुद्ध बेदखली की कार्रवाई शुरू कर दी, जबकि अन्य 12 के विरुद्ध भी जल्द ही कार्रवाई शुरू कर दी जाएगी।
राजस्व कानूनगो सोहन पाल ने बताया कि तालाब की भूमि पर बने 11 अस्थाई निर्माण को ध्वस्त कराया गया है। बाकी 24 स्थायी भवन बनाकर रहने वालों के विरुद्ध तहसीलदार कोर्ट में बेदखली को मुकदमा करा कर कब्जा मुक्त कराई जाएगी।
खाद की गड्ढों की भूमि कब्जामुक्त कराई
कैराना। राजस्व टीम ने गांव झाड़खेड़ी में खाद की गड्ढों की करीब डेढ़ बीघा भूमि पर बुलडोजर चलवा कर भूमि को कब्जामुक्त करा दिया। इस भूमि पर अवैध रूप से कब्जा करके फसल बो रखी थी। टीम ने भूमि को कब्जा मुक्त कराने के बाद उसकी निशानदेही करा दी।