कैराना के गंदराऊ में तालाब की भूमि पर चलता बुलडोजर।
- फोटो : SHAMLI
शामली, कैराना। अमृत सरोवर योजना के तहत तालाबों के सुंदरीकरण के लिए तालाबों से अनाधिकृत कब्जे हटाए जा रहे हैं। गंदराऊ गांव में लगातार दूसरे दिन भी तालाब की भूमि पर किए गए अतिक्रमण पर बुलडोजर चलाया गया। इसके अलावा कांधला में भी तालाब की भूमि पर मनरेगा के मजदूरों से अतिक्रमण हटवाया गया।
अमृत सरोवर योजना के तहत बृहस्पतिवार को राजस्व कानूनगो सोहनपाल ने हलका लेखपाल व पुलिस के साथ गांव गंदराऊ में तालाब की सरकारी भूमि पर किए गए अतिक्रमण पर बुलडोजर चलवाया। यह तालाब 30 बीघा क्षेत्रफल है। जिसमें से तीन बीघा जमीन पर ग्रामीणों ने कब्जे कर रखे थे। एक दिन पहले भी राजस्व टीम ने तालाब की भूमि पर बने अस्थाई निर्माणों को बुलडोजर से ध्वस्त कराया था। बृहस्पतिवार को भी प्रशासन ने बाकी बचे अस्थाई निर्माण को बुलडोजर से ध्वस्त करा दिया। जबकि स्थाई रूप से बने करीब 30 मकानों को नोटिस दिए जा रहे हैं। दूसरी ओर, तहसील क्षेत्र के कस्बा कांधला में कोतवाली के सामने करीब एक बीघा का सरकारी तालाब है। जिस पर कुछ लोगों ने अनाधिकृत कब्जे करके अस्थाई निर्माण कर रखे थे। बृहस्पतिवार को कांधला विकास खंड अधिकारी सुनील कुमार व तहसील प्रशासन की टीम ने इस तालाब की पैमाइश कराने के बाद मनरेगा के मजदूरों से तालाब की भूमि पर अतिक्रमण को ध्वस्त करा दिया और साफ-सफाई कराई। तहसीलदार प्रियंका जायसवाल ने बताया कि गंदराऊ और कांधला में तालाबों से कब्जे हटाए गए हैं।
कांधला में तालाब की भूमि पर बीडीओ की मौजूदगी में सफाई करते मनरेगा मजदूर।- फोटो : SHAMLI