शामली मेरठ करनाल मार्ग पर भाजपा किसान मोर्चा की ट्रैक्टर रैली में भाग लेते भाजपा क्षेत्रीय अध्य?
- फोटो : SHAMLI
शामली। भाजपा ने रविवार को जिले में ट्रैक्टर रैली निकाली। इस दौरान भाजपा पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष मोहित बेनीवाल ने कहा कि विधानसभा चुनाव 2022 में भाजपा विरोधी दलों का सफाया करके प्रदेश में सरकार बनाएगी। केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार किसान हितेषी है। भाजपा ने किसानों के हित में अभूतपूर्व कार्य किए। प्रधानमंत्री ने देश हित में कृषि कानून वापस लिए है।
रविवार को काबड़ौत पुल पर सैकड़ों की तादाद में ट्रैक्टरों पर भाजपाई ध्वज लगाकर इकट्ठा हुए। ट्रैक्टर रैली का शुभारंभ भाजपा पश्चिमी उत्तर प्रदेश के क्षेत्रीय अध्यक्ष मोहित बेनीवाल, भाजपा सांसद प्रदीप चौधरी, एमएलसी चौधरी वीरेंद्र सिंह, भाजपा विधायक तेजेंद्र निर्वाल ने संयुक्त रूप से काबड़ौत पुल से किया। यह रैली काबड़ौत से शूुरू होकर किसान डिग्री कॉलेज पर पहुंची, जहां सभा का आयोजन किया गया था। सभा स्थल पर किसानों को संबोधित करते हुए भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष मोहित बेनीवाल ने कहा कि प्रदेश सरकार पिछले साढ़े चार वर्षों में किसान हित के लिए योजनाएं संचालित की है। पूर्व की सरकारों में प्रदेश में भय तथा असुरक्षा का माहौल था। भाजपा ने उस माहौल को खत्म किया।
भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश महामंत्री सतेंद्र तुगाना ने कहा कि योगी सरकार किसानों की सरकार है। उप्र की जनता योगी आदित्यनाथ को फिर से उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाने का मन बना चुकी है। कैराना सांसद प्रदीप चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के सपनों को पूरा करने के लिए भाजपा निरंतर प्रयासरत है। विधायक तेजेंद्र निर्वाल ने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार किसान हितों को मजबूत कर रही है। विधान परिषद सदस्य वीरेंद्र सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार गरीब किसान तथा आम लोगों की सरकार है।
भाजपा जिला अध्यक्ष सतेंद्र तोमर ने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी कार्यकर्ताओं और किसानों का धन्यवाद दिया। इस मौके पर भाजपा किसान मोर्चा के अध्यक्ष सतपाल भूरा, पूर्व जिला अध्यक्ष जितेंद्र निर्वाल, हरवीर मलिक मृगांका सिंह अनिल चौहान क्षेत्रीय उपाध्यक्ष रमेश गौड कश्यप मौजूद रहे।