गढ़ीपुख्ता (शामली)। थाना क्षेत्र के राझड़ गांव में रविवार सुबह बरात को रवाना करने गए महिलाओं व बच्चों को तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रैक्टर-ट्राली ने कुचल दिया। हादसे में करीब 14 महिलाएं घायल हो गई। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। जिनमें से तीन को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। हादसे में घायल एक महिला का गर्भपात हो गया। आरोपी ट्रैक्टर चालक को ग्रामीणों ने पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया।
राझड़ गांव निवासी सुनील पुत्र बाबू की रविवार को शादी थी। सुबह के समय गांव से बरात मुजफ्फरनगर के सिसौली के लिए रवाना हो रही थी। बरात को रवाना करने महिलाएं मुख्य मार्ग तक आई थी। बस जाने के बाद वह सभी वापस घर लौट रही थी। इसी दौरान गढ़ीपुख्ता से शादी के लिए टेंट का सामान लेकर जा रहे ट्रैक्टर ट्राली में भाट्टू गांव का युवक वहां से गुजर रहा था। अचानक ही ट्रैक्टर अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे खड़ी महिलाओं को कुचल दिया। जिससे वहां चीख-पुकार मच गई। हादसे में घायल करीब 14 महिलाओं को अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां से गंभीर हालत के चलते पाल्लो पत्नी महावीर, संगीता पत्नी रवि, और किरण पत्नी को शामली रेफर कर दिया गया। बताया जा रहा है कि संगीता का गर्भपात हो गया।
ये हुए घायल
सोनिया, ओमवीरी, पालो, सुरेश, प्रमिला, किरण, सोनिया, राखी, मुनेश, ललिता, पारुल, किरण, शिवा, जॉनी आदि इस घटना में घायल हुई। घटना की जानकारी पर बड़ी संख्या में ग्रामीण घटना स्थल पहुंच गए। थाना गढ़ीपुख्ता प्रभारी महावीर सिंह का कहना है कि घायलों की तरफ से कोई तहरीर नहीं आई है। बताया जा रहा कि दोनों पक्षों में समझौते के प्रयास चल रहे हैं।
हादसे की सूचना मिलने पर वापस लौटी बारात
हादसे की सूचना मिलने पर बारात में गए लोगों में हड़कंप मच गया। जिसके बाद बाराती बस को वापस गांव की ओर घुमा ले आए। बारातियों ने घायल महिलाओं को अस्पताल में भर्ती कराया। इसके बाद बाराती फिर से सिसौली की ओर रवाना हुए।