ट्रक की चपेट में आकर बाइक सवार मजदूर की मौत
शामली, झिंझाना। करनाल हाईवे पर गाड़ीवाला बिजली घर के पास करनाल की ओर से आ रहे एक ट्रक ने बाइक सवार युवक को कुचल डाला। मौके पर ही युवक की मौत हो गई। मृतक युवक की शिनाख्त टपराना निवासी युवक सलमान के रूप में हुई है।
थाना क्षेत्र के गांव टपराना निवासी परवेज का 20 वर्षीय पुत्र सलमान आज शाम करीब 4 बजे बाइक पर सवार होकर गाड़ीवाला चौक से केरटू की ओर जा रहा था। कुछ ही दूरी पर सामने से आ रहे ट्रक की चपेट में आ गया। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बताया गया कि सलमान गाड़ीवाला चौक पर फ्लाईओवर के निर्माण कार्य में जेसीबी चालक के रूप में था। वह अपने ठेकेदार की बाइक लेकर किसी काम से गया था। पुलिस का कहना है कि संदेह के आधार पर दो ट्रकों को चिन्हित किया गया है। खबर लिखे जाने तक मृतक के परिजन तहरीर देने की तैयारी में थे ।