संवाद न्यूज एजेंसी
शामली। जनपद में 31 मई को होने वाली उत्तर प्रदेश संयुक्त प्रवेश परीक्षा बीएड-2026 को शांतिपूर्ण, पारदर्शी और नकलविहीन ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने तैयारी शुरू कर दी है। कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व सत्येन्द्र सिंह ने परीक्षा से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
अपर जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि परीक्षा को पूरी पारदर्शिता और शुचिता के साथ संपन्न कराया जाए। उन्होंने सभी स्टेटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र प्रतिनिधि एवं नगर प्रभारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण करें और सभी व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित करें।
उन्होंने परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे, कंट्रोल रूम, सुरक्षा व्यवस्था एवं अन्य सुविधाओं की जांच करने के निर्देश दिए। साथ ही यह भी कहा कि प्रश्न पत्रों को समय से परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाया जाए और परीक्षा के दौरान केवल अनुमन्य सामग्री ही केंद्रों में प्रवेश करे। अपर जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि परीक्षा को नकलविहीन और व्यवस्थित रूप से संपन्न कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है।
जनपद में परीक्षा के लिए तीन केंद्र बनाए गए हैं, इसमें राष्ट्रीय किसान स्नातकोत्तर महाविद्यालय शामली, राष्ट्रीय किसान इंटर कॉलेज शामली एवं हिंदू कन्या इंटर कॉलेज शामली। तीनों केंद्रों पर दोनों पालियों में कुल 1268 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे।
बैठक में डिप्टी कलेक्टर अर्चना शर्मा, डिप्टी कलेक्टर संदीप त्रिपाठी, जिला विद्यालय निरीक्षक ऐश्वर्या जायसवाल, सीओ सिटी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।