एसडीएम के निर्देश पर प्रशासनिक और पालिका की टीम ने नगर में अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया। इस दौरान नो वेंडिंग में जोन में लगी रेहड़ी-ठेलियों को हटवाने के साथ ही दुकानों के आगे पड़े टीन के छज्जो तथा मूंगफली भूनने की भट्ठियों को जेसीबी चलवाकर तोड़ दिया गया।
बृहस्पतिवार को उपजिलाधिकारी डॉक्टर अमित पाल शर्मा ने कैराना का चार्ज लेने के बाद नगर की बदतर व्यवस्था को पटरी पर लाने की कवायद शुरू कर दी है। एसडीएम के निर्देश पर नायब तहसीलदार कामेंद्र गुप्ता ने पालिका की टीम के साथ नगर में अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया। इस दौरान पानीपत-खटीमा राजमार्ग पर 50 मीटर की दूरी पर लगे नो वेंडिंग जोन के बोर्ड के अंदर लगाई गई फलों की रेहड़ी एवं ठेलियों को हटवाया गया। पालिका की ओर से लाए गए जेसीबी से दुकानों के आगे टीन के डाले गए छज्जों को तोड़ा गया, जबकि कोतवाली के बराबर में नो वेंडिंग जोन में चल रही मूंगफली भूनने की भट्ठियों को नष्ट कर दिया गया। अभियान के दौरान टीम ने नो वेंडिंग जोन में अतिक्रमण करने वाले लोगों को सूचीबद्ध भी किया। कई घंटे तक चले अभियान से अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मचा रहा।
अभियान के दौरान पालिका का महाबली और ट्रैक्टर ट्राली भी टीम साथ ले रही थी। इस बीच जो विरोध करता था, तो उसका सामान ट्राली में भर लिया था। टीम ने अतिक्रमण हटवाने के साथ ही चेतावनी दी कि यदि दोबारा अतिक्रमण पाया गया, तो संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। टीम में पालिका के अवर अभियंता निर्माण सूरज शर्मा, जलकल अभियंता उमेश कुमार, सफाई नायक सुभाषचंद, मोहम्मद असलम, पीरजी अबसार, राजकुमार आदि मौजूद थे। उधर, नायब तहसीलदार कामेंद्र गुप्ता का कहना है कि नो वेंडिंग जोन में अतिक्रमणकारियों को चेताया गया है। अतिक्रमण कतई नहीं होने दिया जाएगा। अभियान चलाकर कार्रवाई की जाएगी।