शामली। हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान हत्याकांड का एक मिनट छह सेकेंड का लाइव सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। इस वीडियो में जिम से निकलने से लेकर हमलावरों के गोली बरसाने और मौके से भागने तक की पूरी वारदात कैद है। वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि अंकित के कार के पास पहुंचते ही चार हमलावर पैदल वहां आते हैं और उसे घेरकर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर देते हैं।
सीसीटीवी फुटेज में अंकित जिम से बाहर निकलता दिखाई देता है। वह अपनी कार के पास पहुंचकर उसमें बैग रखता है। इसके बाद दूसरी तरफ से कार में बैठने का प्रयास करता है। इसी दौरान चार हमलावर पैदल उसकी ओर बढ़ते हैं। अंकित कुछ समझ पाता, इससे पहले ही हमलावरों ने उसे घेर लिया और पिस्टलों से ताबड़तोड़ गोलियां बरसानी शुरू कर दीं।
फुटेज में फायरिंग के दौरान मौके पर अफरातफरी का माहौल दिखाई देता है। करीब 25 राउंड फायरिंग किए जाने की बात सामने आई है। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से भाग जाते हैं। पुलिस अब इसी सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हमलावरों की पहचान और उनके भागने के रास्ते की जानकारी जुटा रही है।