जिला अस्पताल में बनेगा दस बेड का पोषण पुनर्वास केंद्र
शामली। जिले में पोषण पुनर्वास केंद्र के लिए शासन से स्वीकृति मिल गई है। जिला अस्पताल में दस बेड का पोषण पुनर्वास केंद्र बनाया जाएगा। शासन ने इसके लिए अलग से वार्ड तैयार करने के निर्देश दिए हैं। स्वास्थ्य विभाग ने इसकी तैयारी शुरू कर दी है।
शामली को जिला बनने के दस साल बाद भी पोषण पुनर्वास केंद्र की सुविधा उपलब्ध नहीं हो पाई है। स्वास्थ्य विभाग की तरफ से इसका प्रस्ताव शासन को भेजा गया था। शासन स्तर से पोषण पुनर्वास केंद्र बनाने की स्वीकृति मिल गई है। पोषण पुनर्वास केंद्र में पांच साल से कम आयु के गंभीर रूप से कुपोषित बच्चों को चिकित्सीय व पोषण की सुविधा मिलती है। इसके अलावा बच्चों के विकास के लिए जरूरी देखभाल और खानपान संबंधी जानकारी दी जाती है। अभी तक जिले में यह सुविधा न होने के कारण कुपोषित बच्चों को मुजफ्फरनगर पोषण पुनर्वास केंद्र भेजा जाता है।
जिला अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सफल कुमार ने बताया कि दस बेड का पोषण पुनर्वास केंद्र की स्वीकृति शासन से प्राप्त हो गई है। शासन के निर्देश पर जिला अस्पताल में पोषण पुनर्वास केंद्र के लिए अलग से वार्ड तैयार किया जाएगा। वार्ड के साथ अटैच रसोई और शौचालय की सुविधा उपलब्ध रहेगी। इसकी तैयारी शुरू कर दी गई है। वार्ड तैयार कर शासन को रिपोर्ट भेजी जाएगी। इसके बाद बच्चों के पोषण व चिकित्सा के लिए चिकित्सक, स्टाफ नर्स व अन्य कर्मियों की शासन स्तर से नियुक्ति की जाएगी। उन्होंने जल्द ही पोषण पुनर्वास केंद्र चालू होने की उम्मीद जताई है। इस केंद्र के चालू होने पर कुपोषित बच्चों को पोषण के लिए मुजफ्फरनगर नहीं भेजा जाएगा। यहीं पर सभी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएगी।